Eicher Motors Q2 results: मुनाफा 15% बढ़कर 1573 करोड़ रुपये, रेवेन्यू में 20% उछाल

दूसरी तिमाही में Royal Enfield ने अब तक की सबसे ज्यादा तिमाही बिक्री दर्ज की। कंपनी ने इस दौरान 3,76,722 मोटरसाइकिलें बेचीं, जो पिछले साल की समान तिमाही में बेची गई 3,27,067 मोटरसाइकिलों के मुकाबले 15% ज्यादा है

अपडेटेड Nov 13, 2026 पर 6:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सितंबर तिमाही में Eicher Motors का प्रदर्शन बाजार के अनुमान से कमजोर रहा।

रॉयल एनफील्ड की पैरेंट कंपनी आयशर मोटर्स ने 13 नवंबर को सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। इस दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 15% बढ़कर 1,573 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी ने 1,367 करोड़ रुपये मुनाफा था।

प्रॉफिट और रेवेन्यू ग्रोथ अनुमान से कम

सितंबर तिमाही में Eicher Motors का प्रदर्शन बाजार के अनुमान से कमजोर रहा। CNBC-TV18 के पोल में एनालिस्ट्स ने Eicher Motors का नेट प्रॉफिट ₹1,605 करोड़ रहने का अनुमान जताया था। कंपनी की ऑपरेशंस से रेवेन्यू भी अनुमान से कम रहा। यह 20% बढ़कर ₹7,422 करोड़ रहा, जबकि अनुमान ₹7,450 करोड़ का था।


Royal Enfield की बिक्री में 15% की तेजी

दूसरी तिमाही में Royal Enfield ने अब तक की सबसे ज्यादा तिमाही बिक्री दर्ज की। कंपनी ने इस दौरान 3,76,722 मोटरसाइकिलें बेचीं, जो पिछले साल की समान तिमाही में बेची गई 3,27,067 मोटरसाइकिलों के मुकाबले 15% ज्यादा है। दूसरे देशों में भी मोटरसाइकिलों की मांग मजबूत रही। सितंबर और अक्टूबर के दौरान त्योहारी बिक्री भी रिकॉर्ड स्तर पर रही।

Eicher Motors के मैनेजिंग डायरेक्टर और Royal Enfield के CEO बी. गोविंदराजन ने कहा कि सितंबर तिमाही कंपनी के लिए अब तक की सबसे अच्छी तिमाही रही। Royal Enfield और VE Commercial Vehicles (VECV), दोनों ने अच्छा प्रदर्शन किया।

नई लॉन्चिंग से बिक्री को मिला सपोर्ट

तिमाही के दौरान कंपनी ने Himalayan 440 लॉन्च की, जिसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला। इसके अलावा कंपनी ने Classic 350 का Gorkha Edition और पोर्टफोलियो में कई अन्य अपडेट पेश किए। कंपनी ने यूरोप और ब्रिटेन के पांच शहरों में अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Flying Flea C6 भी पेश की। कंपनी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नए मॉडल लॉन्च करने और राइडर्स के साथ जुड़ाव बढ़ाने से कारोबार को सपोर्ट मिला। तिमाही के दौरान कंपनी का कुल एक्सपोर्ट 12.3% बढ़ा।

खर्च बढ़ने से मुनाफे पर दबाव

मोटरसाइकिलों की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी के बावजूद कच्चे माल की बढ़ती कीमतों ने मार्जिन पर दबाव डाला। दूसरी तिमाही में कंपनी का कुल खर्च करीब 22% बढ़ गया। इस साल मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण स्टील और कॉपर जैसे कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इससे ऑटो कंपनियों की लागत बढ़ी है और मार्जिन पर दबाव आया है। लागत में बढ़ोतरी की भरपाई के लिए Eicher Motors ने इस साल Royal Enfield मोटरसाइकिलों की कीमतों में 1.75% की बढ़ोतरी भी की थी।

यह भी पढ़ें: NSE का शेयर पहली बार 2000 रुपये के पार, ब्रोकरेज फर्म ने दिया 2300 रुपये का टारगेट प्राइस

VECV का रेवेन्यू 24% बढ़ा, मुनाफे में 37% की ग्रोथ

Eicher Motors के कमर्शियल व्हीकल कारोबार VE Commercial Vehicles (VECV) ने भी दूसरी तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया। VECV का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 24% बढ़कर ₹7,569 करोड़ रहा। पिछले साल की समान तिमाही में यह ₹6,106 करोड़ था। VECV ने दूसरी तिमाही में कुल 28,071 वाहन बेचे, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 21,901 वाहनों की बिक्री हुई थी। इस तरह बिक्री में 28.2% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।