Get App

LTCG और STT में कटौती, लेकिन F&O ट्रेडर्स की बढ़ेगी टेंशन! बजट से पहले टैक्स नियमों में बड़े बदलाव के संकेत

Stock Market Tax Rules: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए वित्त मंत्रालय से बड़ी खबर आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्व अधिकारी F&O पर टैक्स बढ़ाने और कैश मार्केट में शेयरों की खरीद-बिक्री पर टैक्स घटाने के प्रस्तावों की समीक्षा कर रहे हैं। इसके साथ ही LTCG टैक्स घटाने पर भी विचार चल रहा है। जानिए आगामी बजट से पहले क्या-क्या बदलाव हो सकते हैं

Abhishek Guptaअपडेटेड Nov 18, 2026 पर 3:31 PM
LTCG और STT में कटौती, लेकिन F&O ट्रेडर्स की बढ़ेगी टेंशन! बजट से पहले टैक्स नियमों में बड़े बदलाव के संकेत
FY26 में 88 प्रतिशत इक्विटी F&O रिटेल ट्रेडर्स को घाटा हुआ

Stock Market Tax News: भारतीय शेयर बाजार में सट्टेबाजी पर लगाम लगाने और इक्विटी मार्केट में दीर्घकालिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार टैक्स नियमों में बड़े बदलाव करने पर विचार कर रही है। मामले से जुड़े जानकारों के अनुसार, वित्त मंत्रालय के राजस्व अधिकारी निवेशकों और अर्थशास्त्रियों के उन प्रस्तावों की समीक्षा कर रहे हैं, जिनमें स्टॉक डेरिवेटिव्स (F&O) पर टैक्स बढ़ाने और कैश मार्केट में शेयरों की ट्रेडिंग पर लगने वाले शुल्क को कम करने की सिफारिश की गई है।

अंतिम विचार के लिए इन सिफारिशों की एक शॉर्टलिस्ट फरवरी में होने वाली बजट घोषणा से ठीक पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के सामने पेश की जाएगी। जानकारों के मुताबिक, इन प्रस्तावों में शेयरों की खरीद और बिक्री पर लगने वाले सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में 50 प्रतिशत तक की कटौती करना भी शामिल है। गौरतलब है कि STT एक टर्नओवर टैक्स है, जो मुनाफे या नुकसान की परवाह किए बिना हर योग्य ट्रेड की वैल्यू पर चुकाना होता है।

डेरिवेटिव्स और कैश मार्केट के असंतुलन को दूर करने की कोशिश

इन संभावित कदमों का मुख्य उद्देश्य भारतीय शेयर बाजार के टैक्स ढांचे में लंबे समय से चले आ रहे असंतुलन को ठीक करना है। अब तक डेरिवेटिव्स पर कम टैक्स होने के कारण ऑप्शंस में जोखिम भरे दांव लगाने की होड़ मची रही, जबकि कैश मार्केट की ट्रेडिंग सुस्त पड़ी रही। आंकड़ों के मुताबिक, भारत में इक्विटी डेरिवेटिव्स का टर्नओवर कैश मार्केट की तुलना में 227 गुना ज्यादा है, जबकि अमेरिका में यह महज 4 गुना और जर्मनी में 29 गुना है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें