विदेशी ब्रोकरेज हाउस जेपी मॉर्गन का कहना है कि देश की दिग्गज टू व्हीलर बनाने वाली कंपनी बजाज ऑटो की 2023 में री-रेटिंग होती नजर आ सकती है। वर्तमान वैल्यूएशन पर इस स्टॉक का रिस्क रिवार्ड रेशियो काफी अच्छा नजर आ रहा है। जेपी मॉर्गन का कहना है कि बजाज ऑटो का ओवरऑल बेहतर प्रोडक्ट मिक्स इसके मार्जिन में सुधार करता नजर आएगा। यह स्टॉक वर्तमान में वित्त वर्ष 2025 के 13.4 गुना के अनुमानित प्राइस टू अर्निंग्स पर नजर आ रहा है। इसके साथ ही इसका डिवीडें यील्ड 6 फीसदी है। ये इस स्टॉक के मजबूती की ओर संकेत कर रहा है। जेपी मॉर्गन का मानना है कि बजाज ऑटो में हमें 4400 रुपये का लक्ष्य हासिल होता नजर आ सकता है,जो वर्तमान स्तर से 18 फीसदी की तेजी दर्शाता है।
इलेक्ट्रिक व्हीकल में विस्तार का मिलेगा फायदा
जेपी मॉर्गन का कहना है कि कई ऐसे कारण हैं जिनके चलते आगे में इस स्टॉक की री-रेटिंग होती नजर आएगी। इनमें से पहला कारण है इलेक्ट्रिक व्हीकल में विस्तार। जेपी मॉर्गन का कहना है कि बजाज ऑटो टू और थ्री व्हीलर दोनों सेगमेंट में इलेक्ट्रिक व्हीकल पर फोकस कर रही है। CNBC-TV18 को दिए गए एक इंटरव्यू में कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राकेश शर्मा ने भी कहा था कि कंपनी ईवी मार्केट में अपनी पैठ मजबूत करने पर फोकस कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि बजाज ऑटो ने अपनी सप्लाई चेन का पुर्नगठन पूरा कर लिया है। ऐसे में कंपनी को उम्मीद है कि वो हर महीने 10000 बजाज चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर की सप्लाई कर सकेगी।
एक्सपोर्ट में फिर से लौट रही है तेजी
जेपी मॉर्गन का कहना है कि अगले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही से बजाज ऑटो के EBITDA में फिर से तेजी आती नजर आएगी। कंपनी का एक्सपोर्ट काफी घट गया था। लेकिन अब एक्सपोर्ट के नंबर बढ़ते नजर आ रहे हैं। इसी तरह एक दूसरे ब्रोकरेज हाउस मोतीलाल ओसवाल का भी कहनाहै कि कुछ महीनों से कंपनी के एक्सपोर्ट ऑंकड़ों में स्थिरता नजर आ रही है। ब्राजील के बाजार में कंपनी की एंट्री और ट्रायंफ (Triumph) के लॉन्च से कंपनी को फायदा होगा।
ब्रोकरेज हाउस का ये भी कहना है कि Triumph के साथ कोलैबरेशन में आने वाले नए लॉन्च के साथ ही कंपनी को अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में बने गैप को भरने में सहायता मिलेगी। आगे इसका कंपनी को अच्छा फायदा होगा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।