Global market : ग्लोबल मार्केट से आज अच्छे संकेत आ रहे हैं। अच्छे नतीजों के दम पर शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में तेजी देखने को मिली थी। नवंबर के बाद S&P500 इंडेक्स में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली थी। बॉन्ड यील्ड और महंगाई बढ़ने का बाजार पर असर नहीं हुआ है। 10 साल की US बॉन्ड यील्ड बढ़कर 4.66 फीसदी पर पहुंच गई है। पिछले कारोबारी दिन अल्फाबेट का शेयर 10 फीसदी चढ़ा। इसका मार्केट कैप 2 ट्रिलियन डॉलर के पास पहुंच गया। माइक्रोसॉफ्ट, Nvidia, AMD और अमेजन में भी तेजी जारी रही। उधर डॉलर के मुकाबले येन 34 साल के निचले स्तर पर आ गया।
कारोबारी सत्र के अंत में शुक्रवार को डाओ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 153.86 अंक या 0.40 फीसदी बढ़कर 38,239.66 पर, एसएंडपी 500 51.54 अंक या 1.02 फीसदी बढ़कर 5,099.96 पर और नैस्डैक कंपोजिट 316.14 अंक या 2.03 फीसदी बढ़कर 15,927.90 पर बंद हुआ। साप्ताहिक आधार पर देखें तो डाओ 0.7 फीसदी, S&P500 इंडेक्स 2.7 फीसदी और नैस्डैक 4.2 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ था।
मार्च में कोर महंगाई महीने दर महीने आधार पर 0.3 फीसदी बढ़ी है। मार्च में महंगाई अनुमान के मुताबिक रही है। सालाना आधार पर महंगाई 2.7 फासदा और कोर महंगाई 2.8 फीसदी रही है। मार्च में महंगाई के 2.6 फीसदी रहने का अनुमान था।
कल से 2 दिन की फेडरल रिजर्व की बैठक शुरू होने वाली है। बुधवार की रात को फेड का फैसला आएगा। फेड की रेट कटौती का दिसंबर तक इंतजार संभव है।
आज एशियाई बाजारों में बढ़त के साथ कारोबार देखने को मिल रहा है। हालांकि गिफ्ट निफ्टी 50 अंकों की बढ़त के साथ 22,640 पर नजर आ रहा है। वहीं, निक्केई 306.28 अंक यानी करीब 0.81 फीसदी की तेजी के साथ 37,934.76 के आसपास दिख रहा है। स्ट्रेट टाइम्स 5.31 अंक यानी 0.23 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है। वहीं, ताइवान का बाजार 329.17 अंक यानी 1.64 फीसदी की बढ़त के साथ 20,449.68 के स्तर पर नजर आ रहा है। जबकि हांग कांग का हैंग सेंग 285.62 अंक यानी 1.62 फीसदी की बढ़त के साथ 17,929.84 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, कोस्पी में 0.81 फीसदी की मजबूती दिख रही है। जबकि शंघाई कम्पोजिट 26.08 अंक यानी 0.87 फीसदी की बढ़त के साथ 3,115.46 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।