Hatsun Agro results leaked : दक्षिण भारत की सबसे बड़ी डेयरी कंपनी Hatsun Agro में एक दिलचस्प वाकया सामने आया है। कंपनी के मैनेजमेंट से जुड़े एक बड़े अधिकारी के WhatsApp status पर कंपनी के तीसरी तिमाही नतीजे आ गए। हालांकि कंपनी ने खुद इस बात की जानकारी एक्सचेंज को दी और बताया कि ये गलती से हुआ था। गलती से ड्रॉफ्ट नतीजे आए हैं। व्हाट्सएप स्टेटस पर कंपनी के नतीजे मैनेजमेंट से जुड़े एक बड़े अधिकारी ने गलती से लगा दिया था। अधिकारी ने अकाउंट डिपार्टमेंट को ड्रॉफ्ट नतीजे भेजे थे। गलती से नतीजे व्हाट्सएप स्टेटस पर आ गए। Hatsun Agro ने एक्सचेंज को मामले की जानकारी दी है।
Hatsun की तरफ से कहा गया है कि चार जनवरी को शाम करीब 5 बजे ये स्टेटस आया। इस व्हाट्सएप स्टेटस को कॉन्टैक्ट लिस्ट के 19 लोगों ने देखा। गलती पता चलने के बाद एक घंटे में व्हाट्सएप स्टेटस डिलीट किया कर दिया गया। ये नतीजे ड्रॉफ्ट रूप में थे। इसमें दिए गए आंकड़ों में बदलाव संभव है।
कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा "हम आपको बताना चाहते हैं कि हमारे मैनेजमेंट से जुड़े एक बड़े अधिकारी(KMP) ने, 31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही के कंपनी के अनऑडिटेड वित्तीय नतीजों का पहला ड्राफ्ट (कंपनी के अकाउंट्स विभाग के साथ आंतरिक रूप से) शेयर करते समय, गलती से ड्राफ्ट के आंकड़े [जिनमें कंपनी की कुछ अप्रकाशित प्राइस सेंसिट्व जानकारी (UPSI) हो सकती है] कल शाम लगभग 5.00 बजे (4 जनवरी, 2026) अपने पर्सनल व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड कर दिए"।
बयान में आगे कहा गया "यह उसकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में लगभग 19 लोगों ने देखा, जिसमें कंपनी के कुछ इनसाइडर भी शामिल थे। इस घटना के बारे में पता चलते ही, KMP ने एक घंटे के अंदर अपने फोन से उपरोक्त व्हाट्सएप स्टेटस डिलीट कर दिया"।
इसके अलावा, फर्म ने कहा कि वह जल्द ही इस घटना की रिपोर्ट अपनी ऑडिट कमेटी और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को देगी। कंपनी SEBI और इनसाइडर ट्रेडिंग कानूनों के तहत एक अंदरूनी जांच भी शुरू करेगी।
स्टॉक की चाल पर नजर डालें तो 6 जनवरी को स्टॉक में मामूली गिरावट देखने को मिली है। ये शेयर शुरुआती कारोबारी सत्र में NSE पर 0.25 प्रतिशत गिरकर 960.9 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, 5 जनवरी को कंपनी के स्टॉक में 1.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी और यह 963.35 रुपये पर बंद हुआ था।