HCC share price : हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) के शेयरों में 15 फीसदी से अधिक की शानदार तेजी आई है। इस समय यह स्टॉक NSE पर 17.37 फीसदी की बढ़त के साथ 23.65 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है, जो इसका 5 साल का उच्चतम स्तर है। सिविल कंस्ट्रक्शन कंपनी का स्टॉक मई 2018 के बाद से अपने उच्चतम स्तर पर है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में अब तक स्टॉक 70 फीसदी तक उछल चुका है।
राइट्स इश्यू के प्रस्ताव को बोर्ड की मंजूरी
दरअसल, 3 अगस्त को HCC के बोर्ड ने राइट्स इश्यू के माध्यम से 300 करोड़ रुपये तक फंड जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। हालांकि, इसे रेगुलेटरी अप्रुवल की जरूरत होगी। FY24 की पहली तिमाही में HCC ने 52.70 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट दर्ज किया है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 280.70 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। कंपनी का कंसोलिडेटेड राजस्व भी Q1FY24 में 15 फीसदी बढ़कर 2,564.8 करोड़ रुपये हो गया, जो Q1FY23 में 2,228.9 करोड़ रुपये था।
एचसीसी ने कहा कि कई प्रोजेक्ट्स के इंप्लीमेंटेशन, पहल को सुव्यवस्थित करने और वर्क साइट्स पर ऑपरेशनल एक्सीलेंस प्राप्त करने पर लगातार जोर देने के कारण सस्टेनेबल ग्रोथ और बेहतर कैश फ्लो हासिल किया गया।
कंपनी के पास 13568 करोड़ का ऑर्डर बुक
30 जून 2023 तक कंपनी की ऑर्डर बुक 13568 करोड़ रुपये है। हाल ही में समाप्त तिमाही में जम्मू और कश्मीर में अंजी खड्ड रेलवे ब्रिज प्रोजेक्ट का फाइनल सेगमेंट लॉन्च किया गया था। यह परियोजना अब पूरी होने वाली है। कंपनी ने कहा, "कंपनी को दो प्रोजेक्ट्स मुंबई में DGNP ड्राई डॉक प्रोजेक्ट और मिजोरम में टनल-15ए प्रोजेक्ट के लिए अधिग्रहण और कम्प्लीशन सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है। मुंबई कोस्टल रोड प्रोजेक्ट, मुंबई मेट्रो लाइन 3, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का DC06 कॉन्ट्रैक्ट सहित कई अंडर कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स पर अहम प्रगति हासिल हुई है।"
HCC बड़ी इन्फ्रॉस्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन में लगी हुई है। कंपनी के कोर बिजनेस में मुख्य रूप से बिजली (हाइड्रो, परमाणु, थर्मल), परिवहन (सड़क, पुल, मेट्रो, बंदरगाह), जल (सिंचाई और जल आपूर्ति) और इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट्स जैसे क्षेत्रों में बड़ी परियोजनाओं के लिए इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन (E&C) सर्विसेज शामिल हैं।