एचडीएफसी बैंक से जुड़ी बड़ी खबर आई है। देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक के बोर्ड ने शनिवार को मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ की नियुक्ति प्रक्रिया को मंजूरी दे दी। इनमें प्रिफरेंस के क्रम में दो उम्मीदवारों के नाम सब्मिट करने और उनके सैलरी पैकेज के प्रस्ताव शामिल हैं। इसमें यह भी कहा गया है कि आरबीआई की मंजूरी के बाद यह नियुक्ति तीन साल के लिए होगी।
जिमी टाटा की नियुक्ति को भी मंजूरी
HDFC Bank ने कहा कि प्रस्ताव को गवर्नेंस, नॉमिनेशन और रेम्यूनरेशन कमेटी की सिफारिशों के आधार पर एप्रूवल मिल गया। बोर्ड ने वी श्रीनिवास रंगन (एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर) की पुनर्नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी। साथ ही बैंक के बोर्ड ने होल-टाइम डायरेक्टर के रूप में जिमी टाटा की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी।
जगदीशन के रिटायरमेंट से पहले नियुक्ति जरूरी
एचडीएफसी बैंक को इस साल अक्तूबर में शशिधर जगदीशन के रिटायरमेंट से पहले नए एमडी एवं सीईओ की नियुक्ति करनी है। बैंक के नए एमडी और सीईओ पद पर नियुक्ति के लिए दो उम्मीदवारों के नाम आरबीआई को भेजे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इसमें एक उम्मीदवार पहले से बैंक में है, जबकि दूसरा बैंक के बाहर का है।
एक उम्मीदवार बैंक से जुड़ा है तो दूसरा बाहर का
सूत्रों ने बताया कि एक नाम कैजाद एम भरुचा का है, जो एचडीएफसी बैंक में डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। दूसरा उम्मीदवार एक प्राइवेट बैंक में एग्जिक्यूटिव है। उधर, नवनियुक्त होल टाइम डायरेक्टर जिमी टाटा 1994 से ही एचडीएफसी बैंक में रहे हैं। अभी वह चीफ क्रेडिट अफसर हैं। उन्हें 2013 में चीफ रिस्क अफसर नियुक्त किया गया था। उससे पहले वह कॉर्पोरेट बैंकिंग डिपार्टमेंट के हेड थे। रंगन अभी ह्यूमन रिसोर्सेज, कॉर्पोरेट लीगल, ग्रुप ओवरसाइट और सेक्रेटेरियल फंक्शंस के हेड हैं। साथ ही उन पर इनवेस्टमेंट बैंकिंग, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी, एथिक्स, फ्रॉड और विजिलेंस की जिम्मेदारी है।
होल-टाइम डायरेक्टर का एक नया पद भी सृजित होगा
एचडीएफसी बैंक के बोर्ड ने एक अतिरिक्त होल-टाइम डायरेक्टर पद क्रिएट करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इससे एमडी एंव सीईओ को छोड़ बैंक में होल-टाइम डायरेक्टर की कुल संख्या चार हो जाएगी। बैंक ने कहा है कि सिनर्जी और ओवरसाइट बढ़ाने के लिए होल-टाइम डायरेक्टर की संख्या बढ़ाई जा रही है। इस पद पर नए एमडी और सीईओ की नियुक्ति के बाद उनके परामर्श से नियुक्ति की जाएगी। HDFC Bank का शेयर 11 सितंबर को 2.12 फीसदी चढ़कर 708.50 रुपये पर बंद हुआ।