देश की सबसे बड़ी डेकोरेटिव पेंट कंपनी एशियन पेंट्स (ASIAN PAINTS) ने वित्तवर्ष 2021-2022 की तीसरी तिमाही के लिए अपने नतीजे घोषित कर दिये हैं। सालाना आधार पर कंपनी के मुनाफे में थोड़ी कमी आई है। सालाना आधार पर तीसरी तिमाही के लिए एशियन पेंट्स का मुनाफा घटकर 1031 करोड़ रुपये हो गया जबकि पिछले वित्त वर्ष यानी कि वित्त वर्ष 2020-21 की तीसरी तिमारी में कंपनी का मुनाफा 1265 करोड़ रुपये रहा था।
सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2021-22 की तीसरी तिमाही में एशियन पेंट्स की आय 8,527 करोड़ रुपये रही जबकि कंपनी की आय 8,500 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया था।
सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2021-22 की तीसरी तिमाही में कंपनी का EBITDA 1,542 करोड़ रुपये रहा जबकि इसके 1,645 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया था। वहीं तीसरी तिमाही में कंपनी की EBITDA मार्जिन 18.6% रही जबकि इसके 19.4% रहने का अनुमान लगाया गया था।
तीसरी तिमाही में कंपनी की ऑपरेशंस से आय 26% बढ़कर 8,527 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल की तीसरी तिमाही में कंपनी की ऑपरेशंस से आय 6,788 करोड़ रुपये रही थी।
सालाना आधार पर तीसरी तिमाही में कंपनी का EBITDA 14% की गिरावट के साथ 1,542 करोड़ रुपये रहा। जबकि मार्जिन पिछले साल की तीसरी तिमाही के 26.3% की तुलना में घटकर 18.6% रही।
सालाना आधार पर तीसरी तिमाही के नतोजों के मुताबिक एशियन पेंट्स की डेकोरेटिव वॉल्यूम ग्रोथ 18% रही जिसके 16-18% तक रहने का अनुमान लगाया गया। कंपनी द्वारा पेंट्स की कीमतों में इजाफा किये जाने के बावजूद डेकोरेटिव वॉल्यूम में ग्रोथ देखने को मिली है।
गुरुवार यानी रिजल्ट के दिन एशियन पेंट्स का शेयर दोपहर के सौदों में लगभग 0.41% नीचे कारोबार कर रहा था जबकि नतीजों की घोषणा के बाद कंपनी का शेयर एनएसई पर 3,267 पर कारोबार कर रहा था।
एशियन पेंट्स के प्रबंध निदेशक और सीईओ अमित सिंगल (Amit Syngle, Managing Director & CEO, Asian Paints) ने कहा “घरेलू डेकोरेटिव बिजनेस ने पिछले साल के मजबूत आधार पर 18% वॉल्यूम ग्रोथ के साथ लगातार पांच तिमाहियों में मजबूत डबल डिजिट ग्रोथ दिखाई है। इंडस्ट्रियल कोटिंग्स बिजनेस में भी विशेष रूप से प्रोटेक्टिव कोटिंग्स सेगमेंट में डबल डिजिट रेवन्यू ग्रोथ देखने को मिली है।"