गुजरात स्थित थ्री व्हीलर बनाने वाली कंपनी अतुल ऑटो (Atul Auto) के शेयरों में आज इंट्राडे में 10 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली है। कंपनी ने बैटरी बदलने वाली टेक्नोलॉजी के साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने के कारोबार में एंट्री करने का ऐलान किया है। इस खबर के दम पर आज इस शेयर में जोरदार एक्शन देखने को मिला है।
20 अप्रैल को दी गई जानकारी में कंपनी ने बताया है कि कंपनी की सब्सिडियरी Atul Greentech Pvt Ltd (AGPL) इलेक्ट्रिकल व्हीकल के लिए होंडा पावर पैक एनर्जी इंडिया और Valeo के साथ गठबंधन किया है जिसके तहत होंडा मोबाइल पावर पैक पर आधारित कार्गो और पैंसेजर थ्री व्हीलर प्रोटोटाइप डेवलप किए जाएगे। इनका फील्ड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद अतुल ऑटो बाजार में अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल लॉन्च करेगी।
कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में आगे कहा है कि बैटरी बदलने की सुविधा वाले विकल्प Valeo के इंटिग्रेटेड कॉम्पेक्ट इलेक्ट्रिक पावरट्रेन सिस्टम पर आधारित होगे। AGPL की तरफ से दी जाने वाली बैटरी बदलने की सुविधा से हमारे फीट और इंडिविजुअल ग्राहकों को ओनरशिप की लागत को घटाने में सहायता मिलेगी।
बता दें कि AGPL घरेलू और एक्सपोर्ट मार्केट के लिए लास्ट -माइल इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से संबंधित सॉल्यूशन के डिजाइनिंग और डेवलपमेंट का काम करती है।
Atul Auto के शेयर 12 बजे के आसपास 10.6 फीसदी की बढ़त के साथ 203.75 रुपये के करीब कारोबार करते नजर आ रहे थे।
ब्रोकरेज हाउस आईसीआईसीआई डायरेक्ट ने इस स्टॉक के लिए 210 रुपये का लक्ष्य दिया है। आईसीआईसीआई डायरेक्ट की 5 अप्रैल की रिपोर्ट में कहा गया है कि अतुल ऑटो देश की चौथी सबसे बड़ी थ्री व्हीलर बनाने वाली कंपनी है। वित्त वर्ष 2021 में घरेलू बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी 7.1 फीसदी थी। कार्गो सेगमेंट में कंपनी की हिस्सेदारी 10.3 फीसदी और पैसेंजर सेगमेंट में कंपनी की हिस्सेदारी 5.1 फीसदी थी।