Bikaji Foods Stock Price: नमकीन खाने के शौकीनों ने निवेशकों का मुंह मीठा करा दिया है। जी हां! साधारण लिस्टिंग के बाद Bikaji Foods के शेयरों में लगातार तेजी जारी है। 7 दिसंबर को Bikaji Foods के शेयरों में 4% की तेजी आई। Bikaji Foods के शेयर सुबह 11 बजे 3.36% यानि 13.30 रुपए की तेजी के साथ 408.90 रुपए पर कारोबार कर रहे थे। इस तेजी की वजह रही सितंबर तिमाही में कंपनी के शानदार नतीजे। Bikaji Foods का नेट प्रॉफिट साल-दर-साल आधार पर 43.5% बढ़कर 40.92 करोड़ रुपए रहा। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सिर्फ 28.5 करोड़ रुपए था।
Bikaji Foods के शेयर लिस्टिंग के बाद 28% चढ़े
Bikaji Foods के शेयरों की लिस्टिंग 16 नवंबर को 321 रुपए पर हुई थी। तब से लेकर अब तक इसके शेयरों में 28% की तेजी आ चुकी है। अगर हम सितंबर तिमाही में कंपनी के नतीजों की बात करें तो प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है।
सितंबर 2022 तिमाही में कंपनी की आमदनी साल-दर-साल आधार पर 32% बढ़कर 577 करोड़ रुपए रही। वहीं इसका EBITDA मार्जिन सुधरकर 11.4% रहा जो फिस्कल ईयर 2022 की दूसरी तिमाही में 10.6% था।
Bikaji Foods के मैनेजमेंट का क्या है कहना?
Bikaji Foods के मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक अग्रवाल का कहना है, "पिछले साल के मुकाबले इस साल हमारी हर कैटेगरी की ग्रोथ डबल डिजिट में रही है। हम लगातार अपने डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क को फैला रहे हैं। इसके साथ ही हमने कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट यानि CSD चैनल शुरू किया है।"
अग्रवाल ने आगे कहा कि कच्चे माल खासतौर पर एडिबल ऑयल के दाम घटने से कॉस्ट में कमी आई है। इसके साथ ही पैकिंग मटीरियल्स भी सस्ता होने से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है।
Bikaji Foods के शेयर क्या महंगे हैं?
अगर हम Bikaji Foods के P/E यानि प्राइस-टू-अर्निंग रेशियो की बात करें तो यह 100 गुना से ज्यादा है। इस सेगमेंट की कोई दूसरी कंपनी लिस्टेड नहीं है। लेकिन अगर हम FMCG सेगमेंट की कंपनी से इसका मुकाबला करें तो नेस्ले इंडिया और ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज जैसे बड़े लार्ज कैप शेयरों से भी यह महंगा है।