प्रभुदास लीलाधर का कहना है कि टाइटन (Titan) लॉन्ग टर्म ग्रोथ के नजरिए से काफी अच्छी स्थिति में नजर आ रहा है। आगे कंपनी को हॉल मार्किंग, ओमीनी चैनल स्ट्रैटजी और नए ग्रोथ ड्राइवरों जैसे कैरेटलेन, टाइटन आई+, तनीरा (Caratlane, Titan Eye+, Taneira) जैसे सेगमेंटों से अच्छा फायदा होता नजर आएगा। इसके अलावा टाइटन कंपनी हैंडफोन, वायरलेस ईयर फोन जैसे कारोबार में भी कदम रख रही है। लंबी अवधि में इसका अच्छा फायदा होता नजर आएगा।
Prabhudas Lilladher ने टाइटन की Buy रेटिंग करते हुए इसके लिए 2,754 रुपये का टारगेट दिया है। प्रभुदास लीलाधर का कहना है कि चौथी तिमाही और वित्त वर्ष 2023 की पहली तिमाही में डायमंड कारोबार में इन्वेंट्री गेन के चलते कंपनी के ज्वेलरी कारोबार की मार्जिन मजबूत रह सकती है।
इसी तरह दूसरे ब्रोकरेज हाउस भी इस स्टॉक पर बुलिश नजर आ रहे हैं। जेफरीज का कहना है कि टाइटन एक लंबी ग्रोथ स्टोरी है लेकिन अभी इसका वैल्यूएशन महंगा नजर आ रहा है। ऐसे में हम इस स्टॉक को Hold रेटिंग देते हुए इसके लिए 2,600 रुपये का लक्ष्य देते हैं।
बता दें कि कंपनी ने हाल ही में अपना Q4 Biz Update जारी किया है। कंपनी के Q4 Biz Update के मुताबिक टाइटन का ज्वेलरी कारोबार का वॉल्यूम 4% घटा है। जनवरी में लॉकडाउन और महंगे सोने का असर अपडेट के आंकड़ों पर देखने को मिला है। इसके अलावा पिछले साल के ऊंचे बेस का भी असर हुआ है। हालांकि कंपनी के ज्वेलरी कारोबार में 2 साल के CAGR आधार पर 28% ग्रोथ देखने को मिली है।
इस दौरान कंपनी ने 16 नए ज्वेलरी स्टोर जोड़े हैं। सालाना आधार पर वॉच और वियरेबल कारोबार में कंपनी द्वारा 12% ग्रोथ दर्ज की गई है। वहीं सालाना आधार पर आइवियर कारोबार में 5% ग्रोथ देखने को मिली है। जबकि कैरेटलेन का कारोबार सालाना आधार पर 51% बढ़ा है।
टाइटन शेयर होल्डिंग पैटर्न पर नजर डालें तो बीएसई पर उपलब्ध आंकड़ो के मुताबिक कंपनी में बिगबुल राकेश झुनझुनवाला की होल्डिंग 4.02 फीसदी है। वहीं उनकी पत्नी रेखा झुनझुनवाला की होल्डिंग 1.07 फीसदी है। ये आंकड़े दिसंबर 2021 तिमाही तक के हैं।