गुजरात अल्कलीज एंड केमिकल्स (Gujarat Alkalies and Chemicals (GACL) के शेयरों ने शुक्रवार को बाजार में अच्छा उछाल दिखाया। इस शेयर ने शुक्रवार को इंट्रा-डे ट्रेड में बीएसई पर 7 प्रतिशत की बढ़त के साथ 959 रुपये का रिकॉर्ड स्तर हासिल किया। वहीं इस केमिकल स्टॉक ने गुरुवार को जनवरी 2018 में हासिल किये अपने पिछले उच्च 932 रुपये को पार कर लिया था।
कंपनी द्वारा अपने संयुक्त उद्यम (JV) कंपनी जीएसीएल-नाल्को अल्कलीज एंड केमिकल्स (GACL-NALCO Alkalies & Chemicals (GNAL) द्वारा कास्टिक इवैपोराइजेशन यूनिट (CEU) की आंशिक शुरुआत की घोषणा की गई। इसके बाद से पिछले दो कारोबारी दिनों में स्टॉक में 12 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है।
GNAL कंपनी GACL और नेशनल एल्युमीनियम कंपनी (National Aluminium Company (NALCO) के बीच बनाया हुआ एक संयुक्त उद्यम है। इसका गठन दाहेज में 130 मेगावाट के कैप्टिव पावर प्लांट के साथ 800 टीपीडी कास्टिक सोडा प्लांट स्थापित करने के लिए किया गया है। GNAL इस कंपनी की एक मटेरियल सब्सिडियरी कंपनी है।
बिजनेस स्टैंडर्ड की खबर के मुताबिक GNAL ने कोजेनरेशन कैप्टिव पावर प्लांट में बॉयलर और आवश्यक युटिलिटीज के साथ 200 टीपीडी (टन प्रति दिन) सीईयू का स्टार्ट-अप सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इसके तहत कंपनी ने 100 मीट्रिक टन कास्टिक सोडा लाइ (रेयान ग्रेड 47 प्रतिशत) का उत्पादन किया है। प्रोडक्ट को टैंकरों में भरकर भेज दिया गया है। इतना ही नहीं सीईयू यूनिट को आंशिक रूप से चालू कर दिया गया है। ये जानकारी कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग दी है।
पिछले एक महीने में शेयर ने बाजार से बेहतर प्रदर्शन किया है। इस स्टॉक में एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स में 5 प्रतिशत की बढ़त की तुलना में 51 प्रतिशत की तेजी आई है। पिछले एक साल में बेंचमार्क इंडेक्स में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी के मुकाबले इसमें 170 प्रतिशत का उछाल नजर आया है।
हफ्ते के अंतिम दिन यानी शुक्रवार 1 अप्रैल को दोपहर 01:22 बजे सेंसेक्स में 0.55 प्रतिशत की बढ़त की तुलना में ये स्टॉक 6 प्रतिशत बढ़कर 949 रुपये पर कारोबार कर रहा था। एनएसई और बीएसई (NSE and BSE) पर संयुक्त रूप से इस काउंटर में 23 लाख इक्विटी शेयरों की खरीद-फरोख्त हुई।