Get App

IndiGo के शेयर कमजोर नतीजों के बावजूद भर रहे उड़ान, जानिए क्या है वजह

इंटरग्लोब एविएशन के सीईओ रोनोजॉय दत्ता (Ronojoy Dutta) ने कहा है कि इस समय मुनाफे में लौटाना कंपनी की पहली प्राथमिकता है

MoneyControl Newsअपडेटेड May 26, 2022 पर 3:28 PM
IndiGo के शेयर कमजोर नतीजों के बावजूद भर रहे उड़ान, जानिए क्या है वजह
मार्च तिमाही में कंपनी को ईंधन की कीमत में बढ़ोतरी के कारण भारी घाटा उठाना पड़ा है। कंपनी ने सूचित किया है कि वह मुनाफे में आने के लिए किराए में बढ़ोतरी की योजना पर काम कर रही है

इंटरग्लोब एविएशन (Interglobe Aviation) के शेयरों में आज यानी 26 मई को 10 फीसदी से ज्यादा का उछाल देखने को मिला है। बता दें कि Interglobe Aviation ही देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo का संचालन करती है।

मार्च तिमाही में कंपनी को ईंधन की कीमत में बढ़ोतरी के कारण भारी घाटा उठाना पड़ा है। कंपनी ने सूचित किया है कि वह मुनाफे में आने के लिए किराए में बढ़ोतरी की योजना पर काम कर रही है। इस खबर के आने के बाद आज यह शेयर बीएसई पर 10 फीसदी की तेजी के साथ 1,808.50 रुपये का स्तर छूता नजर आया। फिलहाल 12:12 बजे के आसपास यह शेयर 94.45 रुपये यानी 5.74 फीसदी की बढ़त के साथ 1,740.10 रुपये पर नजर आ रहा है।

इंटरग्लोब एविएशन के सीईओ रोनोजॉय दत्ता (Ronojoy Dutta) ने कहा है कि इस समय मुनाफे में लौटाना कंपनी की पहली प्राथमिकता है। गौरतलब है कि 25 मई को कंपनी ने 31 मार्च 2022 को समाप्त वित्त वर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं जिसके मुताबिक इस अवधि में एयरक्राफ्ट ईंधन पर होने वाले खर्च में बढ़ोतरी के चलते कंपनी का कंसोलिडेटेड घाटा बढ़कर 1681.80 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। जबकि कंपनी ने इसके पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 1141.98 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया था। वहीं, Bloomberg के एक पोल में अनुमान लगाया गया था कि वित्त वर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही में InterGlobe Aviation को 8000.30 करोड़ रुपये की आय पर 978.30 करोड़ रुपये का घाटा हो सकता है।

इस अवधि में कंपनी की आय सालाना आधार पर 29 फीसदी की बढ़त के साथ 8,020.75 करोड़ रुपये पर रही है जो कि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 6222.95 करोड़ रुपये पर रही थी। चौथी तिमाही में सालाना आधार पर ईंधन पर होने वाला खर्च 68 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 3220.58 करोड़ रुपये पर आ गया है जो कि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1914.46 करोड़ रुपये पर रहा था।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें