भारती टेलीकॉम (Bharti Telecom) की शेयरहोल्डिंग में जल्द ही बदलाव देखने को मिल सकता है। सीएनबीसी-आवाज़ को सूत्रों से जानकारी मिली है कि मित्तल फैमिली द्वारा इसमें हिस्सेदारी बढ़ाई जायेगी। इसकी वजह से इसके शेयरहोल्डिंग में बदलाव नजर आ सकता है। सूत्रों के पता चला है कि हिस्सेदारी खरीदने के लिए मित्तल परिवार ने कर्ज के जरिये रकम भी जुटा ली है।
हालांकि इस बारे में जब मित्तल फैमिली से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस खबर पर कोई भी प्रतिक्रिया करने से इनकार कर दिया है।
इस बारे में ज्यादा विस्तार से बताते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के यतिन मोता ने कहा कि भारती टेलीकॉम एयरटेल (Airtel) की होल्डिंग कंपनी है। मित्तल फैमिली के पहले से ही कंपनी में हिस्सेदारी है। अब इन्होंने इसमें अपना स्टेक बढ़ाने का फैसला किया है। अपना स्टेक बढ़ाने के लिए मित्तल परिवार Singtel से हिस्सा खरीदेगा।
आज कंपनी की पहली तिमाही पर Singtel की बोर्ड बैठक हुई है। वर्तमान में Bharti Telecom में Singtel का 49.44% हिस्सा है। जबकि Bharti Telecom में मित्तल फैमिली का 50.56% हिस्सा है। मित्तल फैमिली Singtel से भारती टेलीकॉम में हिस्सा खरीदेगी।
यतिन ने आगे कहा कि सूत्र बता रहे हैं कि भारती टेलीकॉम की प्रोमोटर Singtel से हिस्सा खरीदने के बाद कंपनी के शेयरहोल्डिंग स्ट्रक्चर में भी बदलाव आ जायेगा। सूत्रों का कहना है कि इस डील के बाद कंपनी में मित्तल परिवार का नियंत्रण और दबदबा बढ़ता हुआ दिखाई देगा।
सूत्र ये भी बता रहे हैं इस डील के लिए जरूरी रकम भी मित्तल फैमिली ने जुटा ली है। ये डील 7500 करोड़ रुपये में होने की उम्मीद जताई जा रही है। मित्तल फैमिली ने ये रकम कर्ज के जरिये जुटाई है। उन्हें इस रकम पर करीब 9 प्रतिशत ब्याज देना होगा।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)