Nestle India dividend: नेस्ले इंडिया ने बुधवार, 19 अक्टूबर को कहा कि उसके बोर्ड ने वर्ष 2022 के लिए 120 रुपये प्रति शेयर के दूसरे अंतरिम डिविडेंड (interim dividend) की सिफारिश की है। मैगी बनाने वाली दिग्गज एफएमसीजी कंपनी ने सितंबर, 2022 में समाप्त तिमाही के नतीजे जारी करते हुए यह ऐलान किया। इससे पहले 6 मई, 2022 को 25 रुपये का पहला डिविडेंड दिया जा चुका है।
शेयर में 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी
इस खबर के दम पर Nestle India के शेयर बीएसई पर इंट्राडे में 2 फीसदी से ज्यादा मजबूती के साथ 19,848 रुपये पर पहुंच गए। दोपहर 1.40 बजे शेयर 1.80 फीसदी मजबूत होकर 19,731 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं।
नेस्ले इंडिया का शेयर पिछले 5 महीनों में 24 फीसदी का रिटर्न दे चुका है। वहीं छह महीने में 10 फीसदी और एक साल में 2 फीसदी का रिटर्न दिया है।
Nestle India ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, “कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 19 अक्टूबर को हुई मीटिंग में वर्ष 2022 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू प्रति शेयर पर 120 रुपये के दूसरे अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है।” लिस्टेड कंपनियां शेयरहोल्डर्स को अपने सरप्लस में से डिविडेंड के रूप में पैसे का वितरण करती हैं।
कैसे रहे सितंबर तिमाही के नतीजे
Nestle India ने सितंबर, 2022 में समाप्त तिमाही के दौरान अनुमान से बेहतर नतीजे पेश किए। कंपनी ने 8.3 फीसदी की ग्रोथ के साथ 668 करोड़ रुपये का प्रॉफिट दर्ज किया। वहीं नेस्ले इंडिया का रेवेन्यू सालाना आधार पर 18.3 फीसदी बढ़कर 4,591 करोड़ रुपये हो गया। वहीं कंपनी की सेल्स 18.2 फीसदी बढ़कर 4,567 करोड़ रुपये रही, जो पिछले पांच साल में सबसे ज्यादा रही।
वर्ष 2022 के लिए दूसरा अंतरिम डिविडेंड वर्ष 2022 के लिए और 16 नवंबर, 2022 से दिया जाएगा। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 1 नवंबर, 2022 तय की गई है यानी इस तारीख तक जिन शेयरहोल्डर्स का नाम कंपनी के मेंबर्स या डिपॉजिटरीज में बेनीफिशियल ओनर्स के रूप में दर्ज होगा, उन्हें डिविडेंड का भुगतान किया जाएगा।
इस प्रकार नेस्ले के मामले में 31 अक्टूबर एक्स-डेट है। इसका मतलब है कि अगर आप नेस्ले का शेयर खरीदने की सोच रहे हैं तो आपको इसे एक्स-डेट से पहले खरीदने की जरूरत है। एक्स-डेट पर स्टॉक, कंपनी के ऐलान के क्रम में कीमतों को एडजस्ट करता है।