Nykaa Share Bulk deal : फॉरेन इनवेस्टर क्राविस इनवेस्टमेंट पार्टनर्स (Kravis Investment Partners) ने नायका फैशन की ऑपरेटर कंपनी एफएसएन ई-कॉमर्स वेंचर्स (FSN E-Commerce Ventures) में 629 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं। इससे जुड़े ट्रांजेक्शंस 15 दिसंबर को हुए। Kravis Investment Partners II LLC ने 171 रुपये प्रति शेयर की दर से एफएसएन के कुल 3.67 करोड़ शेयर बेचे। गुरुवार को बीएसई पर शेयर लगभग 1.13 फीसदी गिरकर 170.65 रुपये पर बंद हुआ। बीते एक महीने में नायका का शेयर लगभग 8 फीसदी, छह महीने में 29 फीसदी और एक साल में लगभग 53 फीसदी टूट चुका है।
सैफायर फूड्स में बड़ी डील, शेयर मजबूत
नायका के अलावा अन्य डील्स की बात करें तो इस उप महाद्वीप में Yum! Brands Inc की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजीज में से एक सैफायर फूड्स इंडिया (Sapphire Foods India) की प्रमोटर एंटिटी सैफायर फूड्स मॉरिशस (Sapphire Foods Mauritius) ने कंपनी के लगभग 39 लाख शेयर बेचे हैं। ये शेयर 1,347.24 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर बेचे गए हैं और यह स्टेक सेल लगभग 525 करोड़ रुपये की रही। इसके अलावा इनवेस्टर डब्ल्यूडब्ल्यू रूबी (WWD Ruby) ने भी 1,347 रुपये प्रति शेयर की दर पर 28.47 लाख शेयर बेचे हैं। गुरुवार को सैफायर फूड्स के शेयर बीएसई पर 2.83 फीसदी मजबूत होकर 1,398.50 रुपये पर बंद हुए।
म्यूचुअल फंड्स ने लगाया दांव
हालांकि, इनमें से 40.72 लाख शेयर 1,347 रुपये के प्रति शेयर के भाव पर इनवेस्टर्स पीआई अपॉर्च्युनिटीज फंड 1 (PI Opportunities Fund I), कोटक फंड्स इंडिया मिडकैप फंड (Kotak Funds India Midcap Fund), मिराए एसेट म्यूचुअल फंड (Mirae Asset Mutual Fund), गवरमेंट ऑफ सिंगापुर (Government of Singapore), फिडेलिटी फंड्स इंडिया फोकस फंड (Fidelity Funds India Focus Fund) और आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड (ICICI Prudential Mutual Fund) ने खरीदे।
मैक्स इंडिया में भी बड़ी डील
दिग्गज निवेशक पोरिन्जू वेलियाथ (Porinju Veliyath) ने गुरुवार को मैक्स इंडिया (Max India) के 2.3 लाख शेयर खरीदे। मैक्स इंडिया के शेयर बीएसई पर 6.87 फीसदी मजबूत होकर 101.90 रुपये पर बंद हुए।
अपैक्स ग्लोबल अल्फा (Apax Global Alpha) ने 243.68 रुपये प्रति शेयर की दर पर रेपको होम फाइनेंस (Repco Home Finance) के 3.64 लाख शेयर बेचे। स्टॉक बीएसई पर 1.63 फीसदी कमजोर होकर 238.85 रुपये पर बंद हुआ। अपैक्स ग्लोबल अल्फा के पास सितंबर, 2022 तक रेपको होम फाइनेंस में 2.12 फीसदी स्टेक या 13.29 लाख शेयर थे।