तनेजा एयरोस्पेस एंड एविएशन लिमिटेड (Taneja Aerospace & Aviation Ltd) 2021 के मल्टीबैक स्टॉक्स में से एक रहा है। ये स्टॉक उन पोर्टफोलियो शेयरों में से एक है जिसमें जनवरी से मार्च 2022 तिमाही के दौरान स्मॉल-कैप शेयरों में निवेश करने में मास्टर पोरिंजू वेलियाथ (Porinju Veliyath) ने हिस्सेदारी बढ़ाई है। इस दिग्गज निवेशक ने Q4FY22 के दौरान इस विमानन कंपनी में अपनी हिस्सेदारी 1.07 प्रतिशत से बढ़ाकर 1.20 प्रतिशत कर ली है।
Taneja Aerospace & Aviation के मूल्य का लेखा-जोखा
नए साल यानी 2022 में पोरिंजू वेलियाथ के पोर्टफोलियो का ये शेयर कंसोलिडेशन जोन में बना हुआ है। इस स्टॉक ने सालाना आधार पर केवल 8 प्रतिशत रिटर्न दिया है। हालांकि पोरिंजू वेलियाथ द्वारा शेयर में हिस्सेदारी बढ़ाने की खबर सामने आने के बाद शेयर पर बुल्स का आकर्षण बढ़ा है। पिछले एक महीने में यह 25 प्रतिशत के करीब बढ़ गया है।
मिंट में छपी खबर के मुताबिक पिछले 6 महीनों में, यह स्टॉक लगभग 83 रुपये से 137 रुपये तक बढ़ गया है। इस अवधि में इसमें लगभग 65 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं पिछले एक साल में ये स्टॉक 31.35 रुपये से बढ़कर 137 रुपये हो गया है। इस अवधि में इसमें 350 प्रतिशत की तेजी आई है।
Taneja Aerospace & Aviation में पोरिंजू वेलियाथ की हिस्सेदारी
Taneja Aerospace & Aviation के Q4 FY2021-22 के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार, पोरिंजू वेलियाथ के पास इसके 3,00,000 शेयर हैं। ये कंपनी की कुल चुकता पूंजी का (total paid-up capital) 1.20 प्रतिशत है। Q3FY22 में पोरिंजू वेलियाथ के पास कंपनी में 2,68,000 शेयर या 1.07 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। इसका मतलब है कि निवेशक पोरिंजू वेलियाथ ने जनवरी से मार्च 2022 तिमाही के दौरान कंपनी के 32,000 नए शेयर या 0.13 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है।
हालांकि यह पता नहीं चल सका है कि निवेशक ने इन सभी शेयरों को एक बार में खरीदा या उसने इन नए शेयरों को थोड़ा-थोड़ा करके खरीदा है। बता दें कि शेयरहोल्डिंग पैटर्न स्टॉक खरीदने और बेचने का विवरण नहीं बताता है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)