भारत के दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी (Radhakishan Damani) ने वित्त वर्ष 2022 की चौथी तिमाही में अपने पोर्टफोलियो में पहले से शामिल स्टॉक VST Industries में हिस्सेदारी बढ़ाई है। यह नई खरीद उन्होंने अपनी इन्वेस्टमेंट शाखा Derive Trading and Resorts Private Ltd के जरिए की है।
बीएसई पर उपलब्ध VST Industries के शेयर होल्डिंग पैटर्न के मुताबिक राधाकिशन दमानी की Derive Trading ने जनवरी -मार्च 2022 की अवधि में VST Industries में अपनी हिस्सेदारी पिछली तिमाही के 4.68 फीसदी से बढ़ाकर 4.76 फीसदी कर ली है।
इसके अलावा राधाकिशन दमानी VST Industries में अपने व्यक्तिगत नाम और और इन्वेस्टमेंट शाखा Bright Star Investments Private Ltd के जरिए भी निवेशित हैं। बीएसई पर उपलब्ध आंकड़ो के मुताबिक मार्च 2022 तक VST Industries में राधाकिशन दमानी द्वारा व्यक्तिगत तौर पर किया गया निवेश और Bright Star Investments Private Ltd के जरिए किया गया निवेश 1.63 फीसदी और 25.95 फीसदी था। अब अगर समग्र रूप से देखें तो VST Industries में राधाकिशन दमानी की तरफ से किया गया कुल निवेश 32.34 फीसदी होता है।
बताते चलें कि VST Industries का हेडक्वार्टर हैदराबाद में है। ये सिगरेट का उत्पादन और डिस्ट्रीब्यूशन करती है। पिछले 1 साल की अवधि में VST Industries के शेयरों में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है जबकि 2022 में अब तक इसकी चाल सपाट रही है।
ये भी बताते चलें कि चौथी तिमाही में राधाकिशन दमानी ने कूरियर कंपनी Blue Dart में अपनी हिस्सेदारी घटाई है। दिसंबर 2021 तिमाही में Blue Dart में राधाकिशन दमानी की हिस्सेदारी 1.47 फीसदी थी जो मार्च 2022 तिमाही में घटकर 1.40 फीसदी पर आ गई है । Blue Dart के शेयरों में पिछले 1 साल में करीब 25 फीसदी की तेजी देखने को मिली है जबकि 2022 में अब तक इस शेयर में करीब 1 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें। )