पूरी दुनिया में बढ़ती महंगाई, केंद्रीय बैंकों की तरफ से महंगाई की नकेल कसने के लिए ब्याज दरों में की जा रही बढ़त और मंदी की आशंका के बीच पिछले कुछ महीनों में बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिल रही है। रुपए की कमजोरी और एफआईआई की तरफ से भारतीय इक्विटी मार्केट में की जा रही बिक्री भी बाजार पर दबाव बना रही है। 1 जुलाई को बीते हफ्ते में भी बाजार में दबाव देखने को मिला। इस दबाव का असर कुछ क्वालिटी शेयरों पर भी दिखा। भारत के बिगबुल के नाम से जाने जाने वाले राकेश झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में शामिल टाइटन कंपनी और स्टार हेल्थ के शेयरों में पिछले हफ्ते भारी बिकवाली देखने को मिली। इन दोनों शेयरों में आई भारी बिकवाली के चलते राकेश झुनझुनवाला ने बीते हफ्ते 1,000 करोड़ रुपए गंवाए हैं।
इन दोनों शेयरों के पिछले हफ्ते की चाल पर नजर डालें तो Titan का शेयर पिछले 5 कारोबारी सत्रों में 2,053.50 रुपए से टूटकर 1,944.75 पर आ गया। इसी तरह Star Health का शेयर इस अवधि में 531.10 रुपए से गिरकर 475.90 रुपए पर आ गया।
Titan Company के जनवरी-मार्च 2022 तिमाही के शेयर होल्डिंग पैटर्न के मुताबिक Titan Company में राकेश झुनझुनवाला की होल्डिंग 3,53,10,395 शेयरों की उनकी पत्नी रेखा झुनझुनवाला की शेयर होल्डिंग 95,40,575 शेयरों की है। इसका मतलब ये है कि झुनझुनवाला दंपत्ति की इस स्टॉक में 4,48,50,970 शेयरों की संयुक्त हिस्सेदारी है। इसी तरह Star Health shares में भी राकेश झुनझुनवाला की 10,07,53,935 शेयरों की होल्डिंग है।
पिछले हफ्ते की गिरावट में राकेश झुनझुनवाला ने Titan Company में करीब 485 करोड़ रुपए और Star Health 555 करोड़ रुपए गंवाए हैं।
इन दोनों शेयरों की कल की चाल पर नजर डालें तो एनएसई पर शुक्रवार 1 जुलाई 2022 को Titan Company के शेयर 4.95 रुपए यानी 0.26 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 1946.20 रुपए के स्तर पर बंद हुए थे। हालांकि पूरे हफ्ते के दौरान ये शेयर 2,053.50 रुपए से टूटकर 1946.20 पर आ गए हैं। इस स्टॉक का 52 वीक हाई 2768 रुपए का है। वहीं, इसका 52 वीक लो 1396 रुपए का है। कंपनी का मार्केट कैप 172,780 करोड़ रुपए है।
इसी तरह एनएसई पर शुक्रवार 1 जुलाई 2022 को Star Health के शेयर 14.75 रुपए यानी 3.02 फीसदी की गिरावट के साथ 473.95 रुपए के स्तर पर बंद हुए थे। पूरे हफ्ते के दौरान ये शेयर 531.10 रुपए से गिरकर 475.90 पर आ गया। इस स्टॉक का 52 वीक हाई 940 रुपए का है। वहीं, इसका 52 वीक लो 469.05 रुपए का है। कंपनी का मार्केट कैप 27304 करोड़ रुपए है।