पूरी दुनिया में बढ़ती महंगाई, केंद्रीय बैंकों की तरफ से महंगाई की नकेल कसने के लिए ब्याज दरों में की जा रही बढ़त और मंदी की आशंका के बीच पिछले कुछ महीनों में बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिल रही है। रुपए की कमजोरी और एफआईआई की तरफ से भारतीय इक्विटी मार्केट में की जा रही बिक्री भी बाजार पर दबाव बना रही है। 1 जुलाई को बीते हफ्ते में भी बाजार में दबाव देखने को मिला। इस दबाव का असर कुछ क्वालिटी शेयरों पर भी दिखा। भारत के बिगबुल के नाम से जाने जाने वाले राकेश झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में शामिल टाइटन कंपनी और स्टार हेल्थ के शेयरों में पिछले हफ्ते भारी बिकवाली देखने को मिली। इन दोनों शेयरों में आई भारी बिकवाली के चलते राकेश झुनझुनवाला ने बीते हफ्ते 1,000 करोड़ रुपए गंवाए हैं।
