एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के दम पर 21 अप्रैल यानी आज के कारोबार में भारतीय बाजारों में तेजी लौटती नजर आई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 874.18 अंक यानी 1.53 फीसदी की बढ़त के साथ 57,911.68 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 256.05 अंक यानी 1.49 फीसदी की मजबूती के साथ 17,392.60 के स्तर पर बंद हुआ।
आज के कारोबार में आईटी, ऑटो, फार्मा में 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। वहीं फाइनेंशियल इंडेक्स आधा फीसदी से ज्यादा की बढ़त लेकर बंद हुआ है।
आटी सेक्टर की रैली पर बात करते हुए Geojit Financial Services के वी के विजयकुमार ने कहा कि आईटी स्टॉक खासकर मिडकैप आईटी स्टॉक्स का वैल्यूएशन काफी बढ़ गया था। वहीं, चौथी तिमाही में आईटी स्टॉक का प्रदर्शन उम्मीद से कमजोर रहा । इसके कारण इस पर बाजार ओवर रिएक्ट करता नजर आया। उन्होंने आगे कहा कि आईटी सेक्टर के मार्जिन पर थोड़ा दबाव है लेकिन मिड कैप आईटी स्टॉक्स के नतीजों से संकेत मिलता है कि इनका अर्निंग मोमेंटम मजबूत बना हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि HDFC twins में एफआईआई की लगातार बिकवाली और एफआईआई की नकल करने वाले मंदड़ियों की तरफ से हुई बिकवाली के चलते बाजार में ओवर रिएक्शन देखने को मिला और यह काफी अस्वाभाविक स्तर तक टूट गया। उन्होंने आगे कहा कि बाजार में हुआ यह शॉर्ट टर्म ओवर रिएक्शन और वैल्यूएशन में आया करेक्शन लंबी अवधि के निवेशकों के लिए एक अच्छा मौका है।
आइए बाजार में जोश भरने वाले और दूसरे कारणों पर भी डालते हैं नजर
ग्लोबल मार्केट में मजबूती
बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजार मिल-जुले बंद हुए थे। टेक्नोलजी शेयरों से भरा Nasdaq, Netflix के खराब नतीजों से दबाव में था। इस बीच हाल में आई मजबूत बढ़त के बाद बॉन्ड यील्ड में गिरावाट देखने को मिली है। बुधवार को डॉओ जोन्स 0.71 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ था। वहीं S&P 500 इंडेक्स 0.06 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ था। जबकि Nasdaq Composite 1.22 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ।
एशियन बाजार पर नजर डालें तो Nikkei में 1 फीसदी की और Kospi में आधे फीसदी की बढ़त देखने को मिली है जबकि SGX Nifty 1 फीसदी की तेजी के साथ 17,352 के आसपास नजर आ रहा है।
यूएस बॉन्ड यील्ड में गिरावट
यूएस ट्रेजरी यील्ड से बेंचमार्क इंडेक्स को सपोर्ट मिला है। 10 साल की बॉन्ड यील्ड 2.084 फीसदी के आसपास नजर आ रही है। जो पहले से कुछ नरम हुई है। बता दें कि बुधवार के शुरुआती ट्रेड में 10-year yield 2.981 फीसदी के आसपास पहुंच गई थी।
चीन ने लेडिंग दरों में नहीं किया बदलाव
चाइना पर दुनिया भर के बाजारों की नजर बनी हुई थी। बुधवार को चीन ने अपनी मुख्य ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया। हालांकि सरकार बार -बार धीमी पड़ती इकोनॉमी को सपोर्ट देने का अपना संकल्प दोहरा रही थी।
हेवी वेट रिलायंस इंडस्ट्रीज ने हिट किया ऑल टाईम हाई
इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. ( Reliance Industries Ltd (RIL) के शेयरों ने आज यानी गुरुवार के शुरुआती कारोबार में BSE पर अपना नया ऑल टाइम हाई बनाया। आज इस शेयर ने 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी दिखाते हुए 2,775 रुपए प्रति शेयर का स्तर छू लिया। आरआईएल में आई इस तेजी के चलते बेंचमार्क इंडेक्स को भी सपोर्ट मिल रहा है। BSE पर RIL का मार्केट कैप 18.7 लाख करोड़ रुपए के पार चला गया है।