शेयर बाजार में भारी बिकवाली, जानिए वो 5 वजहें जिनकी वजह सेंसेक्स 700 अंकों से ज्यादा लुढ़का

बैंक, ऑटो और फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनियों के स्टॉक्स में भारी बिकवाली से दलाल स्ट्रीट में कमजोरी बनी हुई है और शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान में है

अपडेटेड Dec 17, 2021 पर 1:36 PM
Story continues below Advertisement
स्टॉक मार्केट पर ओमीक्रोन का असर दिखने लगा है

बैंक, ऑटो और फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनियों के स्टॉक्स में भारी बिकवाली से दलाल स्ट्रीट में कमजोरी बनी हुई है और शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान में है। साथ ही ओमीक्रोन (Omicron) के मामले बढ़ने से सेंटीमेंट प्रभावित हुआ है।

इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अभी तक बाजार की तीन अहम चिंताएं हैं – ओमीक्रोन वैरिएंट का तेजी से फैलना, एफआईआई द्वारा लगातार बिकवाली और सेंट्रल बैंकों का आक्रामक रुख। हालांकि एनालिस्ट्स ने कहा कि डीआईआई और रिटेल इनवेस्टर्स में मौजूद जोश और ग्रोथ व कॉरपोरेट अर्निंग में फिर से सुधार से बाजार को सपोर्ट भी मिल रहा है।

जिओजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट वी के विजयकुमार ने कहा, “ट्रेड डेफिसिट बढ़ने और एफआईआई की बिकवाली से रुपया कमजोर हुआ है, जिससे गोल्ड और आईटी कंपनियों के लिए संभावनाओं में सुधार हुआ है। आईटी सेक्टर बाजार से अच्छा प्रदर्शन करने के लिए मजबूत स्थिति में है।”

कैसा है ब्लूचिप्स का प्रदर्शन

लाल निशान में खुलने के बाद बेंचमार्क इंडेक्स में गिरावट बढ़ गई। 11 बजे के आसपास बीएसई सेंसेक्स 728 अंक यानी 1.26 फीसदी की गिरावट के साथ 57,173 पर बना हुआ था। वहीं एनएसई का बेंचमार्क निफ्टी 219 अंक यानी 1.27 फीसदी की कमजोरी के साथ 17,029 के स्तर पर था।


हेम सिक्योरिटीज के हेड- पीएमएस मोहित निगम ने कहा, “निफ्टी50 को 17,000 के लेवल पर अहम सपोर्ट है, जबकि निफ्टी को 17,400 पर कुछ रेजिस्टैंस मिल सकता है।”

50 शेयरों वाले निफ्टी में इन्फोसिस 2.31 फीसदी की मजबूती के साथ सबसे बड़ा गेनर बना हुआ है। दूसरे गेनर्स में विप्रो, एचसीएल टेक, टीसीएस, टेक महिंद्रा और डॉ. रेड्डीज लैब शामिल थे।

वहीं टाइटन 2.38 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर बना हुआ है। टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, आयशर मोटर्स, इंडसइंड बैंक, एमएंडएम, एचयूएल और सिप्ला में भी गिरावट बनी हुई थी।

इन 5 फैक्टर्स का दिख रहा है असर

1.डॉलर इंडेक्स कमजोर: बुधवार के उच्चतम स्तर से डॉलर इंडेक्स 1 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। बेंचमार्क 10 साल के ट्रेडरी नोट्स की यील्ड 1.4275 फीसदी बनी हुई थी।

2. बैंक ऑफ इंग्लैंड ने बढ़ाई इंटरेस्ट रेट: बैंक ऑफ इंग्लैंड चौंकाते हुए 0.15 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 0.25 फीसदी इंटरेस्ट रेट करने वाला पहला बड़ा ग्लोबल सेंट्रल बैंक बन गया है। वहीं यूरोपियन सेंट्रल बैंक के राहत वापस लेने के एक छोटे कदम के बाद यूरो में मजबूती बनी हुई है।

3. कोरोना की तीसरी लहर : वहीं, संक्रमण के मामले बढ़ने से महामारी की तीसरी लहर के संकेत मिल रहे हैं। यूके और दक्षिण कोरिया में रिकॉर्ड नए मामले सामने आए हैं, वहीं अमेरिका में कोरोना के मामलों में अच्छी बढ़ोतरी देखी गई है। ट्रेडर्स को अब प्रतिबंधों का एक नया दौर शुरू होने की आशंका है।

4. ज्यादातर इंडेक्स में गिरावट : ब्रॉडर मार्केट इंडेक्स की बात करें तो सभी में गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है। निफ्टी स्मालकैप में 1.40 फीसदी गिरावट थी, जबकि निफ्टी मिडकैप में 1.22 फीसदी की कमजोरी बनी हुई थी। एनएसई का सबसे ब्रॉडेस्ट इंडेक्स निफ्टी 500 में 0.77 फीसदी कमजोरी थी।

जेनस्टार टेक, बिड़लासॉफ्ट, एडलवाइज फाइनेंसियल, सोना कॉमस्टार, माइंडट्री और एमफैसिस इस स्पेस में गेनर बने हुए थे, जबकि ज़ी एटंरटेनमेंट, बीएचईएल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, टैनला और टीवी18 ब्रॉडकास्ट पर बिकवाली का दबाव बना हुआ था।

5. ग्लोबल मार्केट का भी असर : जापान का निक्केई में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 0.85 फीसदी की कमजोरी बनी हुई थी, जबकि एक दिन पहले 2.13 फीसदी की अच्छी तेजी दर्ज की गई थी जो संभवतः सात सप्ताह का सबसे अच्छा दिन रहा था।

जापान के बाहर एशिया पैसिफिक का सबसे ब्रॉडेस्ट इंडेक्स एमएससीआई में 0.2 फीसदी की गिरावट बनी हुई थी। यह 1.7 फीसदी की वीकली गिरावट की ओर बढ़ रहा है और 621.93 के साथ यह पिछले बने साल के निचले स्तर 615.99 से थोड़ा ही ऊपर है।

चीनी स्टॉक्स विशेषकर टेक कंपनियों में खासी गिरावट रही, वहीं हांगकांग बेंचमार्क गुरुवार को सितंबर, 2020 के बाद के अपने निचले स्तर पर पहुंच गया और शुक्रवार को 0.56 फीसदी गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।