IIFL Finance block deal: कनाडा की Fairfax Financial Holdings घरेलू NBFC कंपनी IIFL Finance में अपनी बड़ी हिस्सेदारी बेचने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी ब्लॉक डील के जरिए IIFL Finance के 13.25% तक शेयर बेच सकती है। इस सौदे की कुल वैल्यू करीब ₹3,454 करोड़ हो सकती है। इसके तहत 5.65 करोड़ शेयरों की बिक्री का प्रस्ताव है।
ब्लॉक डील के लिए ₹611 प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया गया है। यह शेयर के मौजूदा बाजार भाव से करीब 4% कम है। मंगलवार को IIFL Finance का शेयर BSE पर ₹636.05 पर बंद हुआ। इसमें 2.54% की गिरावट रही।
दूसरी तिमाही में मुनाफा दोगुने से ज्यादा
IIFL Finance ने सितंबर तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर दोगुने से ज्यादा बढ़कर ₹766.4 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने ₹376.3 करोड़ का मुनाफा कमाया था।
कंपनी की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) भी 50.2% बढ़कर ₹2,161 करोड़ पहुंच गई। एक साल पहले यह ₹1,439 करोड़ थी। वहीं, कंपनी का कंसोलिडेटेड एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) सालाना आधार पर 38% बढ़कर ₹1.24 लाख करोड़ हो गया।
गोल्ड लोन कारोबार में सबसे ज्यादा तेजी
IIFL Finance के गोल्ड लोन कारोबार में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। इस सेगमेंट का AUM सालाना आधार पर 90% बढ़कर ₹65,729 करोड़ पहुंच गया। होम लोन का AUM भी तिमाही आधार पर 4% बढ़कर ₹43,070 करोड़ रहा।
कंपनी का ग्रॉस NPA सितंबर तिमाही में 1.5% रहा। यह पिछली तिमाही से 0.07 प्रतिशत अंक कम है। हालांकि, नेट NPA 0.05 प्रतिशत अंक बढ़कर 0.9% हो गया। कंपनी का प्रोविजन कवरेज रेशियो 91% रहा।
MSME सिक्योर्ड लोन का AUM भी तिमाही आधार पर 11% बढ़कर ₹11,948 करोड़ पहुंच गया। वहीं, कंपनी ने अनसिक्योर्ड लेंडिंग में अपना एक्सपोजर घटाना जारी रखा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।