Rikhav Securities IPO Listing: ब्रोकरेज फर्म रिखव सिक्योरिटीज के शेयरों की आज BSE SME पर धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का धांसू रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 307 गुना बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 86 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी 163.40 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 90 फीसदी का लिस्टिंग गेन (Rikhav Securities Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह 171.57 रुपये (Rikhav Securities Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया। दिन के आखिरी में यह 171.55 पर बंद हुआ है यानी कि आईपीओ निवेशकों का पैसा डबल हो चुका है।
Rikhav Securities IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
रिखव सिक्योरियटीज का ₹71.62 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 15-17 जनवरी तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 307 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 170.92 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 616.42 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 251.36 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 71.62 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा 5 रुपये की फेस वैल्यू वाले 20 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं।
ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की बढ़ी हुई जरूरतों और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के साथ-साथ आईटी सॉफ्टवेयर, कंप्यूटर्स और लैपटॉप की खरीदारी में होगा।
Rikhav Securities के बारे में
वर्ष 1995 में बनी रिखव सिक्योरिटीज एक फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी है जो ब्रोकरेज, इंवेस्टिंग और बैंकिंग सर्विसेज मुहैया कराती है। यह सेबी के पास रजिस्टर्ड है और इसके पास बीएसई, एनएसई, एमएसई की मेंबरशिप है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022 में इसे 17.62 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 19.10 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024 में 42.65 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 60 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 111.34 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2024 में इसे 50.37 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 96.16 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।