महंगी हुई Gold Flake! ITC ने फिर बढ़ाया सिगरेट का भाव, एक साल में ₹40 महंगी हुई डिब्बी

Cigarette Price Hike: ITC ने अपने सबसे पॉपुलर ब्रांड गोल्ड फ्लेक की कीमत ₹10 बढ़ाकर अब ₹135 कर दी है। साल 2026 में दूसरी बार दाम बढ़ने से एक पैकेट कुल ₹40 महंगा हो चुका है। टैक्स के बोझ से 20% घटे मुनाफे के बीच कंपनी ने यह बड़ा कदम उठाया है

अपडेटेड Nov 12, 2026 पर 8:44 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कीमतों में यह बदलाव ITC के वित्तीय प्रदर्शन पर बने दबाव के बीच आया है

ITC Gold Flake Cigarette Price Hike: सिगरेट का शौक अब और महंगा हो गया है।दिग्गज कंपनी ITC ने अपने सबसे लोकप्रिय ब्रांड गोल्ड फ्लेक रेगुलर साइज फिल्टर टिप्स सिगरेट की रिटेल कीमत में ₹10 की बढ़ोतरी कर दी है। इस इजाफे के बाद 69 मिमी वाले इस पैक की कीमत अब ₹125 से बढ़कर ₹135 हो गई है।

साल 2026 में इस ब्रांड की कीमतों में यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है। इससे पहले कंपनी ने फरवरी 2026 में भी इसकी कीमत में ₹30 का भारी इजाफा करते हुए इसे ₹95 से बढ़ाकर ₹125 किया था। यानी इस साल अब तक गोल्ड फ्लेक की एक डिब्बी कुल ₹40 तक महंगी हो चुकी है।

ITC के लिए क्यों बेहद अहम है Gold Flake RSFT?


मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक, आईटीसी के सिगरेट कारोबार में गोल्ड फ्लेक RSFT की हिस्सेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। कंपनी के कुल सिगरेट वॉल्यूम में अकेले इस ब्रांड का योगदान लगभग 30 से 35 प्रतिशत है। मुनाफे के लिहाज से कंपनी की कमाई में इसकी हिस्सेदारी और भी ज्यादा मानी जाती है।

टैक्स का बोझ और अवैध बाजार का खतरा: ITC के सामने दोहरी चुनौती

आईटीसी ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब कंपनी सिगरेट पर बढ़े हुए टैक्स के असर और ग्राहकों के सस्ते व अनियमित विकल्पों (अवैध सिगरेट बाजार) की ओर रुख करने के बढ़ते जोखिम से जूझ रही है।

कंपनी ने इन चुनौतियों को स्वीकार करते हुए कहा है कि वह टैक्स बदलावों के असर को कम करने और ग्राहकों को अवैध सिगरेट बाजार की ओर जाने से रोकने के लिए अपने कामकाज और एग्जीक्यूशन पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रही है।

जानकारों का मानना है कि आईटीसी के लिए कीमतें तय करना एक नाजुक संतुलन जैसा है जहां दाम बढ़ाने से कंपनी को टैक्स का बोझ कम करने और मार्जिन बचाने में मदद मिलती है, वहीं बहुत ज्यादा बढ़ोतरी से वैध सिगरेट महंगी होकर ग्राहकों को सस्ते अवैध विकल्पों की तरफ धकेल सकती है।

तिमाही नतीजों पर दिखा था टैक्स की मार का असर

कीमतों में यह बदलाव आईटीसी के वित्तीय प्रदर्शन पर बने दबाव के बीच आया है:

मुनाफे में गिरावट: सितंबर तिमाही में आईटीसी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 20.1% घटकर ₹4,137.12 करोड़ रह गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹5,180 करोड़ था। इस गिरावट की मुख्य वजह सिगरेट कारोबार पर लगे अभूतपूर्व टैक्स को माना गया।

रेवेन्यू और FMCG का सहारा: हालांकि, तिमाही के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 1.8% बढ़कर ₹18,401 करोड़ रहा (पिछले साल ₹18,081 करोड़)। इसके गैर-सिगरेट व्यवसायों ने कंपनी को बड़ा सहारा दिया, जिसमें एफएमसीजी (FMCG) सेगमेंट ने पिछले 14 तिमाहियों में सबसे मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।