जटाशंकर इंडस्ट्रीज का स्टॉक 10 छोटे टुकड़ों में टूटने वाला है। शेयर की फेस वैल्यू वर्तमान में 10 रुपये है। स्टॉक स्प्लिट के तहत यह 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बंट जाएगा। इस कॉरपोरेट एक्शन की घोषणा सितंबर महीने में हुई थी। स्टॉक स्प्लिट के लिए रिकॉर्ड डेट 19 अक्टूबर है। कंपनी कृषि और औद्योगिक कमोडिटी की ट्रेडिंग के बिजनेस में है। यह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों मानकों पर खरा उतरने वाली हाई क्वालिटी एग्री कमोडिटीज और इंडस्ट्रियल मैटीरियल्स की सोर्सिंग, प्रोसेसिंग और आपूर्ति में विशेषज्ञ होने का दावा करती है।
स्टॉक स्प्लिट में एक कंपनी अपने मौजूदा शेयरों को छोटे टुकड़ों में तोड़ देती है। इससे निवेशकों के पास शेयरों की संख्या बढ़ जाती है लेकिन उसी अनुपात में प्रति शेयर कीमत घट जाती है। निवेशकों के निवेश की कुल वैल्यू नहीं बदलती। इस कदम का मकसद शेयरों को किफायती बनाना होता है। बहुत ज्यादा कीमत वाले शेयर छोटे निवेशकों की पहुंच से बाहर हो जाते हैं।
स्प्लिट के बाद शेयर सस्ते हो जाते हैं, जिससे अधिक नए निवेशक जुड़ने की संभावना रहती है। जटाशंकर इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 300 करोड़ रुपये से ज्यादा है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 72.56 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
शेयर 2 साल में 800 प्रतिशत चढ़ा
BSE पर वर्तमान में जटाशंकर इंडस्ट्रीज के शेयर की कीमत 700 रुपये है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 774.95 रुपये और एडजस्टेड लो 215.30 रुपये है। शेयर एक महीने में 20 प्रतिशत चढ़ा है। 6 महीनों में 70 प्रतिशत और एक साल में करीब 200 प्रतिशत उछला है। 2 साल में कीमत 800 प्रतिशत और 3 साल में 5000 प्रतिशत मजबूत हुई है।
Jattashankar Industries की वित्तीय सेहत
अप्रैल-जून 2026 तिमाही में जटाशंकर इंडस्ट्रीज का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 35.78 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध मुनाफा 92 लाख रुपये दर्ज किया गया। इस बीच प्रति शेयर अर्निंग 2 करोड़ रुपये रही। पूरे वित्त वर्ष 2025—26 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 129.41 करोड़ रुपये, शुद्ध मुनाफा 1 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 2.34 करोड़ रुपये दर्ज की गई।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।