आज 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग होने वाली है। शेयर BSE और NSE पर सुबह 10 बजे शुरुआत करेंगे। लिस्टिंग से पहले ग्लोबल इनवेस्टमेंट बैंकिंग फर्म नोमुरा ने जियो प्लेटफॉर्म्स के स्टॉक पर कवरेज शुरू किया है। यह इस स्टॉक को कवर करने वाली पहली एनालिस्ट बन गई है। नोमुरा ने जियो प्लेटफॉर्म्स के लिए "बाय" की सलाह दी है। प्राइस टारगेट ₹1,340 प्रति शेयर तय किया है।
नोमुरा ने अपने नोट में कहा है कि जियो प्लेटफॉर्म्स अब टेलिकॉम सेक्टर की लीडर बन गई है। कंपनी की पहुंच देश के 42% वायरलेस सब्सक्राइबर्स, 60% डेटा ट्रैफिक और 43% होम ब्रॉडबैंड मार्केट तक है। ब्रोकरेज के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग से कंपनी टेलिकॉम सेक्टर में 'प्राइस सेटर' (कीमत तय करने वाली) बन सकती है। इससे भविष्य में टैरिफ में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जिसे अन्य टेलिकॉम कंपनियां फॉलो कर सकती हैं।
EBITDA में ग्रोथ को लेकर क्या अनुमान
नोमुरा का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026-2029 के दौरान जियो प्लेटफॉर्म्स का EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) 13.5% की CAGR (कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ेगा। ब्रोकरेज का मानना है कि जियो प्लेटफॉर्म्स का मजबूत नेटवर्क और सबसे बड़ा सब्सक्राइबर मार्केट शेयर, इसके शेयरधारकों के लिए लॉन्ग टर्म वैल्यू क्रिएट करने में मदद करेगा। होम ब्रॉडबैंड बिजनेस, कंपनी के नेटवर्क की मजबूती का फायदा उठाने के लिए दूसरा ग्रोथ इंजन है। इसके अलावा, ग्लोबल टेक्नोलॉजी लाइसेंसिंग भी कंपनी के लिए भविष्य में ग्रोथ का एक और विकल्प हो सकती है।
नोमुरा को उम्मीद है कि आने वाले समय में जियो प्लेटफॉर्म्स के 'फ्री कैश फ्लो' में काफी सुधार आएगा। इसकी वजह है कि 5G से जुड़ा ज्यादातर कैपिटल एक्सपेंडिचर पूरा हो चुका है और अब इसमें खर्च कम होने का अनुमान है।
22.19 गुना भरा था Jio Platforms IPO
जियो प्लेटफॉर्म्स का 30,213 करोड़ रुपये का IPO 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हुआ था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 70.55 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 14 गुना, रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 2.72 गुना, एंप्लॉयीज के लिए रिजर्व हिस्सा 2.93 गुना और शेयरहोल्डर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 7.60 गुना भरा। जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO साइज के मामले में देश का अब तक का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू रहा। इससे पहले यह रिकॉर्ड Hyundai Motor India के नाम था। हुंडई का इश्यू अक्टूबर 2024 में आया था और इसका साइज 27,858.75 करोड़ रुपये रहा था।
लिस्टिंग पर ग्रे मार्केट से क्या संकेत
जियो IPO के लिए फाइनल इश्यू प्राइस 1,119 रुपये प्रति शेयर तय हो चुका है। investorgain.com के मुताबिक, ग्रे मार्केट में जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर 22 प्रतिशत या 247 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से शेयर की लिस्टिंग अनुमानित 1366 रुपये (1119+247) पर हो सकती है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर उसकी लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं। इसके संकेत कंपनी की लिस्टिंग के दिन सच ही होंगे, ऐसा जरूरी नहीं है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।