मार्च तिमाही के अब तक आए आईटी कंपनियों को नतीजे मिले-जुले रहे हैं। आईटी सेक्टर के लीडर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और इंफोसिस ने उम्मीद से कमजोर नतीजे पेश किए हैं। लेकिन इनके छोटे प्रतिद्वंद्वियों HCL Technologies, Mastek और Cyient ने काफी अच्छे नतीजे दिए हैं। टीसीएस और इंफोसिस को सभी मोर्चों पर उम्मीद से कमजोर नतीजों के बाद तेज बिकवाली का खामियाजा भुगतना पड़ा। वहीं, एचसीएल टेक का मुनाफे का आंकड़ा उम्मीद से भी बेहतर रहा। बहरहाल, वैश्विक मंदी और अमेरिका में कुछ बैंकों के पतन के बाद की चिंताओं ने पूरे आईटी सेक्टर के लिए स्थितियां बिगाड़ दी हैं।
बीएफएसआई में कमजोरी से बना दबाव
इस ट्रेंड को देखते हुए ग्लोबल ब्रोकिंग फर्म जेपी मॉर्गन ने एक रिपोर्ट में कहा है कि टीसीएस, इंफोसिस और एचसीएल टेक के वित्त वर्ष 2023 के चौथी तिमाही के नतीजे बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा (बीएफएसआई) और टेलीकॉम वर्टिकल में कमजोरी को उजागर करते हैं। जेपी मॉर्गन ने अपने इस नोट में आगे कहा है कि परेशानी के दौर से गुजर रहे ये वर्टिकल आईटी सेक्टर के पूरे कारोबार में सबसे बड़ा हिस्सा रखते हैं। बीएफएसआई और टेलीकॉम वर्टिकल में कमजोरी के चलते आईटी कंपनियों पर चौथी तिमाही के साथ ही वित्त वर्ष 2024 में भी दबाव देखने को मिल सकता है।
टेक महिंद्रा के रेवेन्यू अनुमान में कटौती
जेपी मॉर्गन ने इस नोट में आगे कहा है कि बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा (बीएफएसआई) और टेलीकॉम वर्टिकल में ज्यादा एक्पोजर के चलते टेक महिंद्रा (Tech Mahindra)और एम्फेसिस (Mphasis)पर दबाव देखने को मिलेगा। ब्रोकरेज फर्म ने टेक महिंद्रा के वित्त वर्ष 2024/25 के रेवेन्यू अनुमान में 40/60 बेसिस प्वाइंट (0.4/0.6 फीसदी) की कटौती कर दी है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि इसके चलते FY24/25 में कंपनी के ईपीएस (earnings-per-stock) में 7/8 फीसदी की गिरावट देखने को मिल सकती है।
एम्फेसिस के रेवेन्यू अनुमान में भी कटौती
इसी तरह जेपी मॉर्गन ने एम्फेसिस के FY24/25 रेवेन्यू अनुमान में 6/8 फीसदी की कटौती करते हुए कहा है कि इस अवधि में कंपनी के मार्जिन में भी 40/30 बेसिस प्वाइंट की गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके चलते इस अवधि में कंपनी के ईपीएस (earnings-per-stock) में 8/9 फीसदी की गिरावट देखने को मिल सकती है।
रेटिंग घटी
जेपी मॉर्गन ने भी टेक महिंद्रा और एम्फेसिस के लिए अपनी रेटिंग "neutral" से घटाकर "underweigh" कर दी है और इनके टारगेट प्राइस को क्रमशः 900 रुपये और 1550 रुपये प्रति शेयर कर दिया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।