JSW Energy stock : JSW एनर्जी ने पावर सेक्टर में निवेश का मेगा प्लान तैयार किया है। हाल में ही कंपनी ने SJVN के साथ PPA साइन किया है। कंपनी ने 2030 तक 20 GW क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी के आगे के ग्रोथ प्लान पर बात करने के लिए आज सीएनबीसी-आवाज के साथ जुड़े JSW एनर्जी के ज्वाइंट MD और CEO शरद महेंद्र। JSW एनर्जी के ग्रोथ प्लान पर बात करते हुए शरद महेंद्र ने कहा कि कंपनी ने SJVN के साथ PPA (पावर परचेज एग्रीमेंट) साइन किया। SJVN के इस प्रोजेक्ट के जरिए पंजाब को पावर सप्लाई होगी। अगले 18 महीनों में इस प्रोजेक्ट के कमीशन होने की उम्मीद है।
सौर ऊर्जा के मोर्चे पर आप आगामी 12-18 महीनों में क्रियान्वयन और क्षमता विस्तार को किस तरह देखते हैं?
इस सवाल के जवाब में शरद महेंद्र ने कहा कि पिछले साल चौथी तिमाही में कंपनी ने सौर ऊर्जा में बिडिंग करना शुरु किया। चौथी तिमाही में कंपनी ने 3.6 GW की बोली जीती। वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में कंपनी ने 30 फीसदी बोलियां जीतीं हैं। पिछले हफ्ते कंपनी ने 1 हजार MW से ज्यादा के PPA साइन किये हैं।। गुजरात में भी 300 MW प्रोजेक्ट के लिए PPA करार किया गया है।
थर्मल पावर में कितनी क्षमता बढ़ाने जा रहे हैं?
इस सवाल का जबाब देते हुए शरद महेंद्र ने कहा कि थर्मल पावर में कंपनी नए अवसर तलाश रही है। ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट के लिए जल्द बिडिंग शुरु होगी। 2030 तक कंपनी का लक्ष्य 20 GW क्षमता तक पहुंचना है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का लक्ष्य 10 GW क्षमता तक पहुंचना है। कंपनी के पास बेहतर ऑर्डरबुक और ऑर्डर पाइपलाइन है।
पावर सेक्टर में डिमांड कैसी रही। मौजूदा वित्त वर्ष में मर्चेंट पावर रियलाइजेशन कैसी रह सकती है?
इसके जवाब में शरद महेंद्र ने कहा कि कुछ राज्यों में पीक डिमांड से दिक्कतें देखने को मिली हैं। 8-9 महीनों से कीमतों में स्थिरता कंपनी के लिए बेहतर रही है।