Jubilant Foodworks Shares: जुबिलेंट फूडवर्क्स के शेयर 7% से अधिक लुढ़के, इस आंकड़े ने निवेशकों की बढ़ाई चिंता

Jubilant Foodworks Shares: जुबिलेंट फूडवर्क्स के शेयरों में आज 7 अप्रैल को तेज गिरावट देखने को मिली। कंपनी के शेयर शुरुआती कारोबार में 7% से अधिक टूटकर 420.30 रुपये के स्तर तक चल गए। यह गिरावट कंपनी के मार्च तिमाही (Q4 FY26) के बिजनेस अपडेट जारी होने के बाद आई

अपडेटेड Apr 07, 2026 पर 10:37 AM
Story continues below Advertisement
Jubilant Foodworks Shares: निवेशकों की चिंता का मुख्य कारण सेम-स्टोर-सेल्स-ग्रोथ की धीमी रफ्तार रही

Jubilant Foodworks Shares: जुबिलेंट फूडवर्क्स के शेयरों में आज 7 अप्रैल को तेज गिरावट देखने को मिली। कंपनी के शेयर शुरुआती कारोबार में 7% से अधिक टूटकर 420.30 रुपये के स्तर तक चल गए। यह गिरावट कंपनी के मार्च तिमाही (Q4 FY26) के बिजनेस अपडेट जारी होने के बाद आई। मार्च तिमाही में कंपनी की सेम-स्टोर-सेल्स-ग्रोथ (SSSG) सुस्त रही, जिसने निवेशकों को निराश किया।

जुबिलेंट फूडवर्क्स ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 19.1% बढ़कर 2,505.8 करोड़ रुपये रहा। वहीं स्टैंडअलोन आधार पर रेवेन्यू 6.2% बढ़कर 1,686 करोड़ रुपये रहा। पूरे वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 17.2% बढ़कर 9,544 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। लगीं कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू इस दौरान 12.8% बढ़कर 6,887.8 करोड़ रुपये रहा।

हालांकि, इन मजबूत आंकड़ों के बावजूद बाजार की चिंता का मुख्य कारण सेम-स्टोर-सेल्स-ग्रोथ की धीमी रफ्तार रही।


डॉमिनोज का कमजोर प्रदर्शन

भारत में कंपनी के प्रमुख ब्रांड डॉमिनोज (Domino’s) की मार्च तिमाही में सेम-स्टोर सेल्थ ग्रोथ सिर्फ 0.2% रही, जो बाजार की उम्मीदों से काफी कम रही। इसके उलट तुर्की में डॉमिनोज का प्रदर्शन बेहतर रहा, जहां 9% की ग्रोथ दर्ज की गई।

LPG सप्लाई बनी बड़ी वजह

ब्रोकरेज फर्म एलारा सिक्योरिटी के मुताबिक, भारत में कंपनी के कमजोर प्रदर्शन का मुख्य कारण मांग में गिरावट नहीं, बल्कि कमर्शियल LPG की सप्लाई में आई बाधाएं हैं। दरअसल, कंपनी के 95% से अधिक आउटलेट LPG पर निर्भर हैं, जिससे कंपनी के कारोबार पर असर पड़ा और बिक्री प्रभावित हुई।

एलारा सिक्योरिटीज ने कहा है कि आने वाले समय में कंपनी के 'लाइक-फॉर-लाइक' ट्रेंड्स पर करीबी नजर रखी जाएगी। इससे यह तय होगा कि मौजूदा कमजोरी अस्थायी है या लंबे समय तक दबाव बना रह सकता है। भारत में यह सुस्ती मुख्य रूप से कमर्शियल LPG की सप्लाई में आई बाधाओं से जुड़ी मानी जा रही है, क्योंकि कंपनी के 95% से अधिक आउटलेट LPG पर निर्भर हैं।

हालांकि, ब्रोकरेज ने अभी भी स्टॉक पर अपनी ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी है और इसके लिए 780 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि कॉम्पिटीशन में कमी, डिलीवरी बिजनेस का विस्तार और बेहतर मार्जिन भविष्य में कंपनी के ग्रोथ को सपोर्ट कर सकते हैं।

स्टोर विस्तार जारी

इस बीच कंपनी ने विस्तार के मोर्चे पर मजबूत प्रदर्शन जारी रखा। मार्च तिमाही के दौरान कुल 69 नए स्टोर्स जोड़े गए, जिससे इसके कुल स्टोर संख्या बढ़कर 3,663 हो गई। भारत में डॉमिनोज ने 59 नए स्टोर्स जोड़े और कुल आउटलेट 2,455 तक पहुंच गए, जबकि तुर्की में 4 नए स्टोर्स के साथ कुल संख्या 787 हो गई।

शेयर का हाल

सुबह 10 बजे के करीब, जुबिलेंट फूडवर्क्स के शेयर एनएसई पर 7.48 फीसदी की गिरावट के साथ 426.60 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। साल 2026 में अब तक यह शेयर करीब 22 फीसदी तक टूट चुका है।

यह भी पढ़ें- Stocks to BUY: इन 2 मेटल शेयरों में दिख सकती है 22% तक की तेजी, JP मॉर्गन ने बढ़ाया टारगेट प्राइस

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।