Kalyan Jewellers Share Price : मंगलवार को कल्याण ज्वैलर्स इंडिया के शेयरों में लगातार पांचवें दिन भी शानदार तेजी जारी है। सुबह के कारोबार में यह शेयर लगभग 5 प्रतिशत चढ़ा और BSE मिडकैप इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहा। निवेशकों ने इस ज्वैलरी रिटेलर की लंबी अवधि की ग्रोथ की संभावनाओं पर भरोसा बनाए रखा है। इसका असर इस शेयर पर देखने को मिल रहा है।
आज सुबह के कारोबार में कल्याण ज्वैलर्स का शेयर 4.8 प्रतिशत बढ़कर 535 रुपये पर पहुंच गया,जिससे पिछले पांच सेशन में इसकी बढ़त 50.8 प्रतिशत हो गई है। इस तेजी से कंपनी के मार्केट कैपिटलाइजेशन में लगभग 18,500 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। इसके चलते आज के सेशन में कंपनी का मार्केट कैप 55,000 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया।
इस तेज रिकवरी ने साल भर के स्टॉक के परफॉर्मेंस को भी बदल दिया है। सिर्फ़ एक हफ्ते पहले 26 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट के बाद,कल्याण ज्वैलर्स अब 2026 में लगभग 10.3 प्रतिशत ऊपर दिख रहा है। इसने निफ्टी से कहीं बेहतर परफ़ॉर्म किया है,जिसमें इसी दौरान 7.5 प्रतिशत की गिरावट आई है।
स्टॉक पर सिटीग्रुप की राय
पिछले हफ्ते ब्रोकरेज फर्म सिटीग्रुप ने कल्याण ज्वैलर्स पर अपनी'बाय'रेटिंग को दोहराते हुए प्रति शेयर 750 रुपये का टारगेट प्राइस बनाए रखा,जिसके बाद शेयर में तेजी आई। तब से इस शेयर में 50 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आ चुकी है। सिटी का टारगेट बताता है कि मौजूदा स्तरों से इसमें और बढ़त की गुंजाइश है।
ब्रोकरेज का कहना है कि कल्याण ज्वैलर्स की जून तिमाही में सालाना आधार पर 38 प्रतिशत की कंसोलिडेटेड रेवेन्यू ग्रोथ उसके अनुमान से कम थी,लेकिन उसने कहा है कि उम्मीद से कमजोर तिमाही के बावजूद इस स्टॉक पर उसका लॉन्ग टर्म नजरिया पॉजिटिव बना हुआ है।
सिटी को उम्मीद है कि कंपनी की फ़्रैंचाइजी बेस्ड विस्तार की रणनीति इसके मुनाफे के साथ ही ग्रोथ को सपोर्ट करती रहेगी और साथ ही कैपिटल पर रिटर्न (RoCE) में भी सुधार लाएगी। इसने कल्याण ज्वैलर्स के डिजिटल-फ़र्स्ट ज्वैलरी बिज़नेस 'कैंडेरे'(Candere) की मजबूत रफ्तार को भी लॉन्ग टर्म ग्रोथ के लिए एक अहम फैक्टर बताया है।
जून तिमाही का बिजनेस अपडेट
कल्याण ज्वैलर्स ने जून तिमाही के अपने बिज़नेस अपडेट में बताया है कि भारत में उसके रेवेन्यू में 38 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इस अवधि में कंपनी की सेम-स्टोर सेल्स ग्रोथ (SSSG) 28 प्रतिशत रही है। कंपनी का इंटरनेशनल बिनेस सालाना आधार पर लगभग 35 प्रतिशत बढ़ा है। इसके वेस्ट एशिया ऑपरेशन्स में करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इस तिमाही के दौरान कंपनी के कुल रेवेन्यू में इंटरनेशनल मार्केट्स का योगदान लगभग 14 प्रतिशत रहा है।
इस तिमाही में कैंडेरे (Candere) का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा। इसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 112% बढ़ा है। कंपनी ने 12 कल्याण शोरूम और पांच Candere स्टोर भी खोले हैं। इससे 30 जून तक इसके शोरूम नेटवर्क में कुल 524 आउटलेट हो गए हैं। कंपनी केमैनेजमेंट ने कहा है कि त्योहारों और शादी के सीज़न से पहले दूसरी तिमाही की शुरुआत अच्छी रही है।
स्टॉक की हालिया तेजी निवेशकों के सेंटीमेंट में आए बड़े बदलाव को दिखाती है। तिमाही बिज़नेस अपडेट के तुरंत बाद शेयर में लगभग 7 प्रतिशत की गिरावट आई थी। कंपनी की रेवेन्यू ग्रोथ उम्मीद से कम रही थी। इस मोर्चे पर कंपनी अपनी बड़ी प्रतिद्वंद्वी टाइटन से भी पीछे रही थी। इसके चलते स्टॉक पर दबाव दिखा था। लेकिन जल्द ही स्टॉक इस दबाव से उबरते हुए तेज रफ्तार पकड़ता दिखा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।