Kotak Mahindra Bank Q4 Results: मार्च तिमाही में 14% गिरा मुनाफा, डिविडेंड का भी ऐलान, चेक करें नतीजे की खास बातें

Kotak Mahindra Bank Q4 Results: पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की आखिरी तिमाही जनवरी-मार्च प्राइवेट सेक्टर के दिग्गज लेंडर कोटक महिंद्रा बैंक के लिए मिली-जुली रही। मार्च तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 14 फीसदी गिर गया लेकिन ब्याज से नेट इनकम में 4 फीसदी से अधिक इजाफा हुआ है। बैंक ने डिविडेंड का भी ऐलान किया है। चेक करें नतीजे की खास बातें

अपडेटेड May 04, 2025 पर 7:45 AM
Kotak Mahindra Bank Q4 Results: प्राइवेट सेक्टर के दिग्गज लेंडर कोटक महिंद्रा बैंक का शुद्ध मुनाफा मार्च 2025 तिमाही में सालाना आधार पर 14 फीसदी गिर गया।

Kotak Mahindra Bank Q4 Results: प्राइवेट सेक्टर के दिग्गज लेंडर कोटक महिंद्रा बैंक का शुद्ध मुनाफा मार्च 2025 तिमाही में सालाना आधार पर 14 फीसदी गिर गया। यह सीएनबीसी-टीवी 18 के एनालिस्ट्स पोल में लगाए गए अनुमान से भी अधिक तेज स्पीड से फिसल गया। वहीं नेट इंटेरेस्ट इनकम (NII) में तेजी तो दिखी है लेकिन यह भी अनुमान के मुकाबले कमजोर ही रहा। बैंक के नतीजे आने के एक कारोबारी दिन पहले 2 मई को शेयरों में बिकवाली का दबाव दिखा था और बीएसई पर यह 0.94 फीसदी की गिरावट के साथ 2185.00 रुपये के भाव (Kotak Mahindra Bank Share Price) पर बंद हुआ था।

Kotak Mahindra Bank Q4 Results: खास बातें

मार्च तिमाही में सालाना आधार पर कोटक महिंद्रा बैंक का स्टैंडएलोन नेट प्रॉफिट 14.07% गिरकर ₹3,551.74 करोड़ पर आ गया जबकि अनुमान ₹3,746.4 करोड़ के मुनाफे का था। मुनाफे में यह गिरावट बैड लोन के लिए प्रोविजन सालाना आधार पर 244.81 फीसदी बढ़कर ₹909.38 करोड़ पर पहुंचने के चलते आई। इस दौरान ब्याज से नेट इनकम 5.42% उछलकर ₹7,283.57 करोड़ पर पहुंच गया लेकिन यह भी ₹7,434.1 करोड़ के अनुमान से कम रहा।


सालाना आधार पर बैंक की टोटल इनकम 9.33% उछलकर ₹16,712.23 करोड़ पर पहुंच गई लेकिन टोटल एक्सपेंडिचर भी इस दौरान 14.42% उछलकर ₹11,240.03 करोड़ पर पहुंच गया। एसेट क्वालिटी की बात करें तो तिमाही आधार पर ग्रॉस एनपीए 1.50% से फिसलकर 1.42% और नेट एनपीए 0.41% से फिसलकर 0.31% पर आ गया।

अब पूरे वित्त वर्ष 2025 की बात करें तो स्टैंडएलोन नेट प्रॉफिट 19.36% उछलकर ₹16,450.08 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान प्रोविजन 86.97% बढ़कर ₹2,942.36 करोड़, ब्याज से नेट इनकम 9.03% उछलकर ₹28,341.78 करोड़ पर पहुंच गया। वहीं बैंक की टोटल इनकम वित्त वर्ष 25 में सालाना आधार पर 14.74% उछलकर ₹64,338.22 करोड़ पर पहुंच गई और इस दौरान टोटल एक्सपेंडिचर 18.77% उछलकर 43,331.65 करोड़ पर भी पहुंच गया। बोर्ड ने हर शेयर पर 2.50 रुपये के डिविडेंड का ऐलान किया है जिसकी रिकॉर्ड डेट अभी फिक्स नहीं है।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल

कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर पिछले साल 3 मई 2024 को 1544.15 रुपये पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का निचला स्तर है। इस निचले स्तर से करीब एक साल में यह 49 फीसदी उछलकर 22 अप्रैल 2025 को 2301.55 रुपये पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। हालांकि शेयरों की तेजी यहीं थम गई और फिलहाल इस रिकॉर्ड हाई से यह 5 फीसदी से अधिक डाउनसाइड है।

SBI Q4 Results: मार्च तिमाही में मुनाफा 10% गिरा, ₹15.90 का डिविडेंड घोषित

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।