L&T Q2 results: लार्सन एंड टूब्रो ने 27 अक्तूबर को सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 33 फीसदी बढ़कर 5,202 करोड़ रुपये रहा। रेवेन्यू 16 फीसदी बढ़कर 78,750 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 67,984 करोड़ रुपये था।
सितंबर तिमाही में 1,47,665 करोड़ रुपये के ऑर्डर
L&T ने सितंबर तिमाही में 1,47,665 करोड़ रुपये के ऑर्डर हासिल किए। यह साल दर साल आधार पर 28 फीसदी ग्रोथ है। सितंबर तिमाही में कंपनी ने कई ज्यादा वैल्यू के ऑर्डर हासिल किए। इनमें हाइड्रोकार्बन-ऑफशोर एंड ऑनशोर, कार्बनलाइट सॉल्यूशंस, पब्लिक स्पेसेज एंड एयरपोर्ट्स और पावर ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रिब्यूशन से जुड़े ऑर्डर शामिल हैं।
जियोपॉलिटिकल टेंशन के बीच अच्छा प्रदर्शन
कंपनी के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर एस एन सुब्रमनयन ने कहा, "कंपनी के तेजी से बदलती जियोपॉलिटिकल स्थितियों के बीच सितंबर तिमाही में अच्छा प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन से कस्टमर कॉन्फिडेंस और बड़े और जटिल ऑर्डर्स हासिल करने की हमारी क्षमता का पता चलता है। इसमें कई सेक्टर और ज्योग्राफीज शामिल हैं। हमने एक बार फिर रिकॉर्ड तिमाही ऑर्डर हासिल किए हैं।"
कुल ऑर्डर बुक 8.5 लाख करोड़ रुपये
8.5 लाख करोड़ रुपये की ऑर्डरबुक से अगले कई सालों तक रेवेन्यू को लेकर तस्वीर साफ है। इस ग्रुप की कंसॉलिडेटेड ऑर्डर बुक 30 सितंबर, 2026 को 8,53,514 करोड़ रुपये थी। यह मार्च 2026 के मुकाबले 15 फीसदी ज्यादा है। कंपनी की कुल ऑर्डर बुक में अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर की हिस्सेदारी 54 फीसदी थी।
इनफ्लेशन, फूड और एनर्जी की ऊंची कीमतों को लेकर चिंता
एलएंडटी ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा है, "ट्रेड टेंशन, जियोपॉलिटिकल टकराव और हाई एनर्जी प्राइसेज के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति मजबूत है। इससे ग्रोथ के लिए अच्छा सपोर्ट मिला है। हालांकि, इनफ्लेशन, फूड और एनर्जी की ऊंची कीमतों से चिंता बनी हुई है।" एलएंडटी देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन कंपनी है।
इस साल 11 फीसदी से ज्यादा गिरा है कंपनी का शेयर
कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार बंद होने के बात सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। बुधवार यानी 28 अक्तूबर को कंपनी के शेयर पर सितंबर तिमाही के नतीजों का असर दिखेगा। 27 अक्तूबर को एलएंडटी का शेयर 0.4 फीसदी गिरकर 3,665.1 रुपये पर बंद हुआ। इस साल कंपनी का शेयर 11 फीसदी से ज्यादा गिरा है।