LIC का फाइनल डिविडेंड पाना चाहते हैं तो आज, 24 जून को आखिरी मौका, 25 जून को शेयर करेगा एक्स-ट्रेड

LIC Final Dividend: फाइनल डिविडेंड पर 27 जुलाई को कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। वित्त वर्ष 2025 के लिए LIC ने 12 रुपये का फाइनल डिविडेंड दिया था। 29 मई को शेयर ने एक्स-बोनस ट्रेड किया था

अपडेटेड Jun 24, 2026 पर 1:57 PM
LIC वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने वाली है।

अगर आप भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के फाइनल डिविडेंड का फायदा उठाना चाहते हैं लेकिन पहले से शेयरहोल्डर नहीं हैं तो आज, 24 जून को आखिरी मौका है। आज आज ट्रेडिंग बंद होने से पहले शेयर खरीदकर शेयरहोल्डर बन गए तो फिर आप भी डिविडेंड पाने के पात्र हो जाएंगे। LIC वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने वाली है और रिकॉर्ड डेट 25 जून है।

इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। लेकिन 25 जून को शेयर खरीदने वाले पात्र नहीं होंगे।

फाइनल डिविडेंड पर 27 जुलाई को कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। वित्त वर्ष 2025 के लिए LIC ने 12 रुपये का फाइनल डिविडेंड दिया था। कंपनी में सरकार के पास 96.50 प्रतिशत हिस्सा है।


LIC के शेयर में गिरावट

Life Insurance Corporation of India के शेयरों में 24 जून को गिरावट है। BSE पर शेयर दिन में पिछली क्लोजिंग से 1.5 प्रतिशत तक गिरकर 433.50 रुपये के लो तक गया। कंपनी का मार्केट कैप 5.52 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। कीमत 2 सप्ताह में 10 प्रतिशत उछली है।

29 मई को शेयर ने एक्स-बोनस ट्रेड किया था। LIC ने पहली बार बोनस शेयर बांटे हैं। शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर एक शेयर पर एक नया शेयर बोनस के तौर पर दिया गया। बोनस शेयरों के अलॉटमेंट की तारीख 1 जून थी।

मार्च तिमाही में मुनाफा 23 प्रतिशत बढ़ा

LIC का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 23,467 करोड़ रुपये हो गया। कुल आय बढ़कर 2,53,592 करोड़ रुपये हो गई। नेट प्रीमियम इनकम सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़कर 1.64 लाख करोड़ रुपये रही। पूरे वित्त वर्ष 2026 के लिए कंपनी का शुद्ध मुनाफा 19 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 57,419 करोड़ रुपये रहा। कुल आय बढ़कर 9,73,288 करोड़ रुपये रही।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।