LT फूड्स लिमिटेड के शेयरों में 19 नवंबर को अच्छी बढ़त देखने को मिल रही है। दिन में शेयर बीएसई पर पिछले बंद भाव से 10 प्रतिशत तक चढ़कर 461.15 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 15200 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। कंपनी ने एक दिन पहले शेयर बाजारों को बताया था कि उसकी अमेरिकी सब्सिडियरी LT फूड्स अमेरिका इंक अमेरिका की ब्रांडेड पैक्ड फूड कंपनी 'MK फूड्स होल्डिंग्स इंक' को खरीद रही है।
इसके लिए समझौता हो गया है। डील के तहत LT फूड्स अमेरिका 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने वाली है। यह सौदा 58 लाख अमेरिकी डॉलर की एंटरप्राइज वैल्यू पर कैश-फ्री और डेट-फ्री (बिना किसी नकद या कर्ज के) आधार पर तय हुआ है। उम्मीद है कि जरूरी शर्तों के पूरा होने के बाद, यह सौदा 3 महीने के अंदर पूरा हो जाएगा।
LT फूड्स ने बयान में कहा कि यह अधिग्रहण उसके लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम है, जिससे कंपनी अपने रेडी-टू-ईट, रेडी-टू-कुक और रेडी-टू-हीट पोर्टफोलियो को और मजबूत कर सकेगी। कंपनी के MD और CEO अश्विनी अरोड़ा का कहना है कि LT Foods के लिए अमेरिका रणनीतिक रूप से एक महत्वपूर्ण ग्रोथ मार्केट बना हुआ है।
माया कैमल ब्रांड की मालिक है MK फूड्स होल्डिंग्स
MK फूड्स होल्डिंग्स इंक अपने 100 प्रतिशत मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी 'माया कैमल फूड्स LLC' के जरिए भारतीय स्वाद वाले प्रीमियम सॉस, रेडी-टू-ईट करी और चावल के उत्पादों की एक पूरी रेंज की पेशकश करती है। इसका ब्रांड 'माया कैमल' है। 30 सितंबर, 2026 को खत्म हुए 12 महीनों में MK फूड्स होल्डिंग्स का रेवेन्यू 1.79 करोड़ अमेरिकी डॉलर रहा।
LT फूड्स लिमिटेड कंज्यूमर फूड सेक्टर में एक प्रमुख ग्लोबल FMCG कंपनी है। यह पिछले 70 से अधिक सालों से स्पेशिएलिटी राइस और चावल से बने खाद्य पदार्थों के कारोबार में है। दावत, रॉयल, हेरिटेज, रोजाना आदि इसी के ब्रांड्स हैं। कंपनी भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, मध्य पूर्व सहित 85 से अधिक देशों में अपने प्रोडक्ट उपलब्ध कराती है। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 51.01 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।