IT कंपनी LTM Ltd के शेयरहोल्डर्स को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 25 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड मिलने वाला है। रिकॉर्ड डेट 23 अक्टूबर है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। LTM का पुराना नाम LTIMindtree Limited था। यह लार्सन एंड टुब्रो ग्रुप की कंपनी है।
हाल ही में कंपनी ने तिमाही नतीजे जारी किए थे। उसके साथ ही अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की गई। LTM ने कहा है कि डिविडेंड का पेमेंट पात्र शेयरहोल्डर्स को 30 दिनों के अंदर कर दिया जाएगा। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 22 रुपये का अंतरिम और 53 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था।
LTM का शेयर साल 2026 में अब तक 30 प्रतिशत कमजोर
LTM के शेयर की कीमत वर्तमान में BSE पर 4331.90 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 1.28 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 68.49 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर साल 2026 में अब तक लगभग 30 प्रतिशत नीचे आया है। एक सप्ताह में 7 प्रतिशत चढ़ा है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 6,430 रुपये और एडजस्टेड लो 3,529.60 रुपये है।
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में LTM Ltd का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर लगभग स्थिर रहकर 1,397.9 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले मुनाफा 1,401.1 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 13.6 प्रतिशत बढ़कर 11,807.6 करोड़ रुपये हो गया। सितंबर 2025 तिमाही में यह 10,394.3 करोड़ रुपये था। ऑर्डर इनफ्लो 1.26 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जबकि सितंबर 2025 तिमाही में यह आंकड़ा 1.59 अरब अमेरिकी डॉलर था। सितंबर 2026 तिमाही में LTM के साथ 949 नए कर्मचारी जुड़े, जिसके बाद इसके कर्मचारियों की कुल संख्या 88,835 हो गई।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।