भारतीय शेयर बाजार में होगी MakeMyTrip की एंट्री! SEBI से मिली मंजूरी, जानिए IPO से जुड़ी 5 बड़ी बातें

PTI की रिपोर्ट के मुताबिक MMT India को SEBI से IPO की मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने जुलाई में कॉन्फिडेंशियल रूट से ड्राफ्ट पेपर जमा किए थे। जानिए IPO में कौन शेयर बेचेगा, लिस्टिंग के बाद क्या बदलेगा और रकम कहां लगेगी।

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 1:55 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
MakeMyTrip की भारतीय सब्सिडियरी MMT India को IPO के लिए SEBI की मंजूरी मिल गई है।

ट्रैवल बुकिंग की दुनिया का जाना-पहचाना नाम MakeMyTrip अब भारतीय शेयर बाजार की ओर कदम बढ़ा रहा है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, Nasdaq पर लिस्टेड MakeMyTrip की भारतीय सब्सिडियरी MakeMyTrip (India) Ltd यानी MMT India को IPO लाने के लिए बाजार नियामक SEBI की मंजूरी मिल गई है। ये जानकारी सोमवार को SEBI की वेबसाइट पर उपलब्ध अपडेट से सामने आई।

जुलाई में कॉन्फिडेंशियल रूट से जमा हुए थे ड्राफ्ट पेपर

MMT India ने जुलाई में कॉन्फिडेंशियल रूट के जरिए SEBI के पास IPO के ड्राफ्ट पेपर जमा किए थे। SEBI ने इन दस्तावेजों की जांच के बाद 6 नवंबर को अपनी फाइनल टिप्पणियां जारी कर दीं।


IPO की प्रक्रिया में SEBI की ये टिप्पणियां एक अहम पड़ाव मानी जाती हैं। इसके बाद कंपनी लागू नियमों के दायरे में रहते हुए अपने पब्लिक इश्यू की तैयारियां आगे बढ़ा सकती है।

पैरेंट कंपनी बेचेगी अपने शेयर

गुरुग्राम हेडक्वार्टर वाली MakeMyTrip ने Nasdaq को दी रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया है कि प्रस्तावित IPO में MMT India के इक्विटी शेयरों की बिक्री होगी। ये शेयर उसकी पैरेंट कंपनी MakeMyTrip और MakeMyTrip की पूरी मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी ibibo Group Holdings (Singapore) Pte Ltd बेचेंगी।

लिस्टिंग के बाद भी सब्सिडियरी बनी रहेगी MMT India

IPO पूरा होने के बाद भी MMT India, MakeMyTrip की सब्सिडियरी ही रहेगी। कंपनी के मुताबिक MMT India के वित्तीय नतीजे पहले की तरह पैरेंट कंपनी के नतीजों में कंसॉलिडेट होते रहेंगे। यानी शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद भी MMT India का हिसाब-किताब MakeMyTrip के खातों का हिस्सा बना रहेगा।

IPO से क्या हासिल करना चाहती है MakeMyTrip

कंपनी ने इस IPO के पीछे की अपनी सोच भी साफ की है। फाइलिंग में कहा गया, “MakeMyTrip को उम्मीद है कि MMT India का प्रस्तावित IPO और लिस्टिंग उसकी ब्रांड विजिबिलिटी को बढ़ाएगी और टेक्नोलॉजी भर्ती के प्रतिस्पर्धी माहौल में टैलेंट को प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ाने की MMT India की क्षमता को सहारा देगी।”

मतलब कंपनी मानती है कि भारत में लिस्ट होने से उसका नाम और ज्यादा लोगों तक पहुंचेगा और टेक टैलेंट की होड़ में उसे अच्छे लोगों को जोड़ने और रोके रखने में मदद मिलेगी।

कहां लगेगी IPO से मिली रकम

MMT India के शेयर बेचकर MakeMyTrip और ibibo Group Holdings को जो नेट रकम मिलेगी, उससे पैरेंट कंपनी की कैश पोजिशन मजबूत होने की उम्मीद है।

फाइलिंग के मुताबिक MakeMyTrip इस रकम का इस्तेमाल लॉन्ग टर्म ग्रोथ, रणनीतिक इनऑर्गेनिक पहल यानी अधिग्रहण जैसे कदमों, और कन्वर्टिबल सिक्योरिटीज समेत अलग-अलग तरह की सिक्योरिटीज की बायबैक में करेगी।

इस कंपनी को मिला नोएडा मेट्रो एक्वा लाइन एक्सटेंशन का बड़ा ऑर्डर, लाल से हरे निशान में आया शेयर

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।