14 फरवरी को भारतीय स्टॉक मार्केट में खेली गई खून की होली में किसी ने उतने पैसे नहीं गंवाए होंगे, जितने अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने गंवाए हैं। कल के कारोबार में अडानी ग्रुप के तमाम शेयरों में भारी पिटाई देखने को मिली है। गौतम अडानी ने कल की गिरावट में 3.8 बिलियन डालर गंवाए हैं। यह जानकारी ब्लूमबर्ग की बिलियनायर इंडेक्स पर आधारित है।
इसके बाद दूसरे पैसे गंवाने वालों की लिस्ट में फ्रेंच फैशन मुगल बर्नार्ड अर्नाल्ट (Bernard Arnault)और दुनिया की सबसे धनी महिला फ्रेंककोइस बेटनकोर्ट मेयर्स ( Francoise Bettencourt Meyers) का नाम है। आपको यह भी बताते चलें कि कल लगे भारी झटके के बावजूद 2022 के कुछ शुरुआती हफ्तों में गौतम अडानी की नेटवर्थ में 6 अरब डॉलर से ज्यादा की बढ़ोतरी देखे को मिली है और यह करीब 83 अरब डॉलर के आसपास है।
कल के कारोबार में अडानी ग्रुप के शेयरों Adani Ports, Adani Green Energy, Adani Total Gas, Adani Power, Adani Wilmar, Adani Enterprises और Adani Transmission में 1.5 से 9.8 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है और इनमें से कई शेयर लोअर सर्किट पर बंद हुए।
बाजार में आई कल की गिरावट के पीछे यूक्रेन और रूस के बीच बढ़ता तनाव और बढ़ती महंगाई के बीच बढ़ती ब्याज दरों का डर रहा है। बता दें कि अब तक अडानी ग्रुप के शेयरों में आई तेजी में हाई लिक्विडिटी और निम्न ब्याज दरों का अहम योगदान था। लेकिन अब लिक्विडिटी पर नियंत्रण और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की स्थितियां बनने के बाद अडानी ग्रुप के शेयरों में दबाव बनता नजर आ रहा है।
सोमवार को आई गिरावट को अगर छोड़ दें तो जब से कोरोना महामारी की शुरुआत हुई तब से अब तक अडानी ग्रुप के शेयरों में 200-1800 फीसदी बढ़तोरी देखे को मिली है। अडानी ग्रुप के शेयरों की तेजी में खुदरा निवेशकों और हाई नेटवर्थ वाले निवेशकों का बड़ा योगदान रहा है। घरेलू म्यूचुअल फंडों की अदानी ग्रुप के सात लिस्टेड शेयरों में से सिर्फ 2 शेयरों में एक फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी है।