Stock market : कारोबारी हफ्ते के पहले दिन बाजार में जोश देखने को मिला है। सोमवार, 11 अगस्त को सेंसेक्स-निफ्टी शानदार बढ़त के साथ बंद हुए हैं। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी देखने को मिली है। BSE के सभी सेक्टर इंडेक्स बढ़त पर बंद हुए हैं। PSU बैंक, रियल्टी और फार्मा शेयरों में तेजी देखने को मिली है। ऑटो, इंफ्रा और FMCG इंडेक्स भी बढ़त पर बंद हुए हैं। निफ्टी 222 प्वाइंट चढ़कर 24,585 पर बंद हुआ है। सेंसेक्स 746 प्वाइंट चढ़कर 80,604 पर बंद हुआ है। निफ्टी बैंक 506 प्वाइंट चढ़कर 55,511 पर बंद हुआ है। मिडकैप 477 प्वाइंट चढ़कर 56,479 पर बंद हुआ है।
आज सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयरों में तेजी रही। निफ्टी के 50 में से 44 शेयरों में तेजी रही। निफ्टी बैंक के 12 में से 11 शेयरों में तेजी देखने को मिली है। वहीं, डॉलर के मुकाबले रुपया बिना बदलाव के 87.66 रुपए प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ है।
बोनान्ज़ा के रिसर्च एनलिस्ट वैभव विदवानी का कहना है कि आज भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 746 अंक बढ़कर 80,604 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 221 अंक चढ़कर 24,585 पर बंद हुआ। बाजार की तेजी में सरकारी बैंकों, ऑटो और रियल्टी शेयरों का सबसे ज्यादा योगदान रहा। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के पहली तिमाही के मजबूत नतीजों के बाद तेजी का माहौल बना, जिससे सभी सरकारी बैंकों में तेजी आई। टाटा मोटर्स जैसी दिग्गज ऑटो कंपनियों के शेयरों में भी अच्छी तेजी रही। अब बाजार की दिशा तय करने में ग्लोबल इंवेंट्स (अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों और भू-राजनीतिक घटनाएं), कंपनियों के नतीजे और एफआईआई की तरफ से होने वाले एक्शन अहम भूमिका निभाएंगे।
एसबीआई सिक्योरिटीज के सुदीप शाह का कहना है कि सप्ताह के पहले कारोबारी दिन निफ्टी ने दमदार प्रदर्शन किया और दिन का अंत 0.91 फीसदी की बढ़त के साथ 24600 के स्तर के आसपास किया। अब निफ्टी के लिए 24700-24740 के आसपास रेजिस्टेंस दिख रहा है। 24740 के स्तर से ऊपर की चाल 24900 के स्तर तक पुलबैक रैली ट्रिगर कर सकती है। जबकि नीचे की ओर, 24440-24400 का जोन अहम सपोर्ट के रूप में काम कर सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि बैंक निफ्टी ने 100-डे ईएमए स्तर के पास सपोर्ट लिया है और उसके बाद एक तेज़ पुलबैक रैली दिखी है। इसने 0.92% की बढ़त के साथ 55500 के स्तर से ऊपर क्लोजिंग की है। आगे चलकर, 55800-55900 का जोन तात्काल रेजिस्टेंस के रूप में काम कर सकता है। जबकि, नीचे की ओर 55100-55000 के जोन में अहम सपोर्ट दिख रहा है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा का कहना है कि पिछले छह हफ़्तों में, कई बार ऐसा हुआ है कि निफ्टी ने हफ़्ते की शुरुआत मज़बूती के साथ की, लेकिन हफ्ते के आख़िरी सत्रों में इसकी गति धीमी पड़ गई। हालांकि, इस बार ऐसा लग रहा है कि बाज़ारों ने हाल की टैरिफ़ संबंधी चिंताओं को काफ़ी हद पीछे छोड़ दिया है और अब नतीजों का मौसम लगभग खत्म होने के साथ, अर्निंग के संकेतों पर ज़्यादा फोकस कर रहा है। इसके अलावा, दिग्गज शेयरों को ओवरसोल्ड पोजीशन से भी सपोर्ट मिल रहा है। लेकिन निफ्टी को 24,800-25,000 की ओर बढ़ने के लिए 24,600 के स्तर से ऊपर की मजबूत क्लोजिंग देनी होगी। ट्रेडरों को सतर्क नजरिया बनाए रखना चाहिए और लॉन्ग पोजीशन के लिए लगातार मज़बूती दिखाने वाले शेयरों पर फोकस करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।