Stock Markets : निफ्टी एक्सपायरी के दिन बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ है। बाजार में आज भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सेंसेक्स-निफ्टी में करीब 1 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। मिडकैप इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। रियल्टी, PSE और IT शेयरों में खरीदारी रही। इंफ्रा, एनर्जी और मेटल इंडेक्स भी बढ़त पर बंद हुए हैं। वहीं, FMCG और फार्मा इंडेक्स में दबाव देखने को मिला है। सेंसेक्स आज 692 अंक चढ़कर 75,075 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 201 अंक चढ़कर 22,821 के स्तर पर बंद हुआ है। बैंक निफ्टी 237 अंक चढ़कर 49,292 पर बंद हुआ है। वहीं, मिडकैप 1147 अंक चढ़कर 52,414 पर बंद हुआ है।
सेंसेक्स के 30 में से 23 शेयरों में खरीदारी रही। निफ्टी के 50 में से 36 शेयरों में खरीदारी रही। बैंक निफ्टी के 12 में से 7 शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। उधर डॉलर के मुकाबले रुपया आज 0 पैसे कमजोर होकर 83.47 रुपए प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ है।
7 जून को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
मार्केट के जानकारों का कहना है कि आज वीकली डेरिवेटिव एक्सपायरी से पहले बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इंडियाचार्ट्स के सीनियर टेक्निकल और डेरिवेटिव विश्लेषक जय वोरा ने कहा, "चुनाव के नतीजों के बाद इंडिया VIX उस स्तर तक नहीं पहुंचा है जिसकी हमने उम्मीद की थी।" बता दें कि इंडिया VIX आज लगभग 11 फीसदी गिरकर 16.80 के स्तर के आसपास बंद हुआ है।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी के विजयकुमार का कहना है कि पिछले तीन दिनों की भारी उठापटक के बाद बाजार सामान्य स्थिति में आ गया है। ग्लोबल माहौल भी फेड द्वारा ब्याज दरों में कटौती की बढ़ती संभावना के साथ अनुकूल हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका में लेबर मार्केट के कमजोर होने के संकेतों के कारण अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में भारी गिरावट आई है और यह 4.29 फीसदी पर आ गई है। ये भी बाजार के लिए एक अच्छा संकेत है।
विजयकुमार ने आगे कहा कि निकट भविष्य में राजनीतिक घटनाक्रम बाजार पर अपना असर डालता रहेगा। बाजार की चिंता यह है कि सहयोगी दलों पर भाजपा की निर्भरता आर्थिक सुधारों को पीछे धकेल सकती है, जिससे ग्रोथ और लॉन्ग टर्म में कॉर्पोरेट आय पर निगेटिव असर पड़ सकता है।
चॉइस ब्रोकिंग के रिसर्च एनालिस्ट देवेन मेहता का कहना है कि निफ्टी के लिए 22,500 पर तत्काल सपोर्ट दिख रहा है। उसके बाद 22400 और 22,200 पर अगले बड़े सपोर्ट हैं। वहीं, ऊपर की तरफ इसके लिए 22,750 पर तत्काल रजिस्टेंस हो सकता है, उसके बाद 22,800 और 22,900 पर अगले बड़े रजिस्टेंस दिख रहे हैं।
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि निफ्टी ने आज स्पिनिंग टॉप कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया है। इस पैटर्न को बुल्स और बियर्स के बीच अनिर्णय की स्थिति के रूप में देखा जाता है। अब निफ्टी के लिए 22485 के स्तर पर सपोर्ट और 23,080-23,130 के स्तर रजिस्टेंस दिख रहा है।
रेलीगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा का कहना है कि ऐसा लगाता है कि बाजार ने खुद को हाल के चुनाव परिणामों के मुताबित ढ़ाल लिया है। इसके अलावा ग्लोबल फ्रंट से भी अच्छे संकेत आ रहे हैं जिसके चलते बाजार में स्थिरता आई है। हालांकि हाल में आई तेजी के बाद इंडेक्स अब थोड़ी राहत के लिए सुस्ताते दिख सकता है लेकिन कुल मिलाकर स्थितियां सकारात्मक बनी रहने की संभावना हैं। इस समय बाजार में किसी गिरावट में क्वालिटी शेयरों में खरीदारी की सलाह होगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।