Market Outlook : सेंसेक्स-निफ्टी आज 23 अगस्त को बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहे हैं। मेटल, बैंक, कैपिटल गुड्स और रियल्टी स्टॉक में आई तोजी के दम पर निफ्टी 19450 के करीब बंद हुआ है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 213.27 अंक या 0.33 फीसदी की बढ़त के साथ 65433.30 पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 47.50 अंक या 0.24 फीसदी बढ़कर 19444 पर बंद हुआ है। आज लगभग 2016 शेयरों में तेजी आई है। वहीं,1487 शेयरों में गिरावट देखने को मिली है। जबकि 156 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वहीं, बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.4 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.6 फीसदी बढ़ कर बंद हुआ है।
हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई और एलएंडटी निफ्टी के टॉप गेनर रहे हैं। जबकि अदानी एंटरप्राइजेज, अदानी पोर्ट्स, सन फार्मा, भारती एयरटेल और टाटा मोटर्स निफ्टी के टॉप लूजर रहे हैं। सेक्टोरल इंडेक्सों की बात करें तो इनमें मिलाजुला रुझान देखने को मिला है। बैंक, मेटल, कैपिटल गुड्स और रियल्टी इंडेक्स में 0.4-1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, पावर, एफएमसीजी और तेल एवं गैस में 0.3-1 फीसदी की गिरावट आई है।
24 अगस्त को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
कोटक सिक्योरिटीज के श्रीकांत चौहान का कहना है कि तकनीकी रूप से देखें तो निफ्टी ने आज 19350 के करीब सपोर्ट हासिल किया और उसके बाद अपनी खोई जमीन फिर से हासिल करता दिखा। हालाकि निफ्टी आज 19500 की बाधा को पार करने में विफल रहा। वर्तमान में निफ्टी में एक पॉजिटिव कंसोलीडेशन देखने को मिल रहा है। किसी ट्रेडर के लिए 19400 का स्तर ट्रेंड डिसाइडर लेवल होगा। अगर निफ्टी 19400 का स्तर पार कर लेता है तो फिर इसमें 19535 तक की रैली देखने को मिल सकती है। वहीं, अगर निफ्टी 19400 के नीचे फिसलता है तो फिर इसमें नीचे की तरफ 19350-19315 का स्तर देखने को मिल सकता है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के रूपक डे का कहना है कि निफ्टी 19300 और 19500 के दायरे में कारोबार कर रहा है। डेली टाइम फ्रेम पर निफ्टी 19471 के स्तर पर स्थित 21-डे एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज (ईएमए) और 19281 के स्तर पर स्थित 50-डे ईएमए के बीच ऊपर-नीचे हो रहा है। जब तक निफ्टी किसी भी तरफ इस रेंज को नहीं तोड़ेगा तब इसमें रेंजबाउंड मूवमेंट देखने को मिलेगा। अगर निफ्टी 19500 के ऊपर जाने में कामयाब रहता है तभी इसमें फिर से तेजी आती दिखेगा।
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि अच्छे ग्लोबल संकेतों के बीच बाजार की शुरुआत आज तेजी के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में ही नफ्टी ने 19370 के अपने मजबूत सपोर्ट को फिर से हासिल कर लिया। इसके बाद एक मजबूत फॉलो-अप बाइंग देखने को मिली। हालांकि कारोबारी सत्र के अंतिम घंटे में निफ्टी दिन की कुछ बढ़त गंवाता नजर आया और 47.55 अंकों की बढ़त के साथ 19444.00 पर बंद हुआ। आज की तेजी में फाइनेंशियल शेयरों खासकर बैंकिंग शेयरों का अहम योगदान रहा। वहीं, एफएमसीजी और पावर शेयरों में करेक्शन देखने को मिला। डेली टाइम फ्रेम पर निफ्टी 50 ने ऊपरी सिरे पर एक DOJI कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया है। ये ट्रेंड रिवर्सल का संकेत है। ऐसे में निफ्टी एक बार फिर से अपने सपोर्ट जोन की तरफ लौटता दिख सकता है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के कुणाल शाह का कहना है कि बैंक निफ्टी में आज अच्छी तेजी दिखी है। प्राइवेट और सरकारी दोनों बैंकों में खरीदारी आई। बैंक निफ्टी ने आज मजबूत वॉल्यूम के साथ 44200 की बड़ी बाधा को पार कर लिया है। इसके बाद 44500 की ओर बढ़ता दिखा। बाजार में तेजी का ट्रेंड कायम है। ऐसे में बैंक निफ्टी आगे बढ़ने के लिए तैयार है। जब तक बैंक निफ्टी 44200 के ऊपर बना रहेगा इसमें तेजी की संभावना कायम रहेगी। अब बैंक निफ्टी हमें 45000 का लक्ष्य हासिल करता दिख सकता है। नीचे की तरफ इसके लिए 44000 पर सपोर्ट दिख रहा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।