Market outlook: 16 जून को बाजार रिकॉर्ड उच्च स्तर पर बंद हुआ है। कारोबार के अंत में निफ्टी 50 इंडेक्स 137.90 अंक बढ़कर 18826 पर बंद हुआ। जबकि सेंसेक्स 466.95 अंक की बढ़त के साथ 63384.58 पर बंद हुआ। बता दें कि पिछला रिकॉर्ड हाई क्लोज 1 दिसंबर, 2022 को देखने को मिला था। तब निफ्टी 1881250 पर और सेंसेक्स 63284.19 पर बंद हुए थे। बाजार जानकारों का कहना है कि एफटीएसई के रीबैलेंसिंग के चलते आए पैसिव इनफ्लो से बाजार के सेंटीमेंट को बूस्ट मिला है। इसके चलते अदाणी एंटरप्राइजेज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, विप्रो, पंजाब नेशनल बैंक और बजाज फाइनेंस जैसे शेयरों में होने वाले निवेश के कारण भारत में 15 से 20 करोड़ डॉलर का शुद्ध निवेश आने की उम्मीद है। निवेशकों ने मूडीज इन्वेस्टर्स सर्विस के साथ भारत सरकार की चर्चा और भारत के रेटिंग अपग्रेड की मांग का भी स्वागत किया। बता दें कि मूडीज ने वर्तमान में भारत को "stable" आउटलुक के साथ “Baa3” के निम्नतम निवेश ग्रेड में रखा है।
आज के कारोबार में एचडीएफसी लाइफ, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, बजाज फिनसर्व, डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज और टाइटन कंपनी निफ्टी के टॉप गेनर रहे। जबकि विप्रो, बजाज ऑटो, टीसीएस, बीपीसीएल और ओएनजीसी निफ्टी के टॉप लूजर रहे।
एचडीएफसी लाइफ, अशोक लेलैंड और मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज में आज लॉन्ग बिल्डअप देखने को मिला जबकि पीवीआर-आईनॉक्स, ल्यूपिन और पिरामल एंटरप्राइजेज में एक शॉर्ट बिल्ड-अप देखने को मिला।
19 जून को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
इनक्रेड इक्विटीज के गौरव बिस्सा का कहना है कि अमेरिकी बाजारों में उछाल के कारण निफ्टी में मजबूत शुरुआत देखने को मिली। जिसके बाद कारोबारी सत्र के पहले आधे भाग के दौरान मजबूती आई। रिलायंस और बैंक निफ्टी से मिले सोपर्ट के चलते कारोबारी सत्र के दूसरे आधे भाग में ये तेजी और बढ़ती दिखी। निफ्टी के साथ-साथ आरएसआई (रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स) में ऑवरली चार्ट पर एक बुलिश ट्राइएंगल पैटर्न बनते दिखा है जो इंडेक्स में मजबूती को बरकरार रख सकता है। निफ्टी ने आज अपने ऑलटाइम हाई के बहुत करीब कारोबार किया। कारोबार के अंत में ये 18800 के स्तर से ऊपर बंद होने में कामयाब रहा। ये तेजी आने वाले दिनों में निफ्टी को 19000 के स्तर की ओर ले जा सकती है।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के सिद्धार्थ खेमका का कहना है कि ग्लोबल मार्केट से मिल रहे अच्छे संकतों और मजबूत घरेलू स्थितियों के दम पर भारतीय बाजार अब न्यू हाई लगाने के लिए तैयार दिख रहे हैं। निफ्टी ने 138 अंकों की बढ़त के साथ क्लोजिंग देते हुए ऑलटाइम हाई की तरफ जाने की अपनी यात्रा जारी रखी। गिरती महंगाई और मजबूत आर्थिक आंकड़ों के साथ-साथ एफआईआई की लगातार खरीदारी से घरेलू बाजार को बल मिला है। अगले सप्ताह पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा पर सभी की निगाहें होंगी। अमेरिका और भारत के बीच डिफेंस को लेकर बड़े समझौते हो सकते हैं। महीने दर महीने आधार पर औद्योगिक आंकड़ों में रिकवरी दिखने के बाद अब फार्मा, हेल्थकेयर और बीमा कंपनियां फोकस में रहेंगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।