Get App

Market today: US Fed की ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से सेंसेक्स-निफ्टी में बढ़त, आज इन अहम स्तरों पर रहे नजर

US Fed द्वारा ब्याज दरों में कटौती किए जाने की उम्मीद में सेंसेक्स-निफ्टी में आज बढ़त देखने को मिल रही है। सभी बड़े सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। रियल्टी, आईटी और मेटल शेयरों में अच्छी बढ़त देखने को मिल रही है

MoneyControl Newsअपडेटेड Sep 12, 2025 पर 10:24 AM
Market today: US Fed की ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से सेंसेक्स-निफ्टी में बढ़त, आज इन अहम स्तरों पर रहे नजर
आईटी इंडेक्स में करीब 1 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। इंफोसिस में 2 प्रतिशत की बढ़त से इंडेक्स के बल मिला है

Stock markets : आईटी, रियल्टी और मेटल शेयरों में बढ़त के साथ इक्विटी बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी शुक्रवार को बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। निवेशकों को 17 सितंबर को अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद है, इसके चलते बाजार में तेजी दिख रही है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 0.26 प्रतिशत बढ़कर 81,758.95 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 0.28 प्रतिशत चढ़कर 25,074.45 पर पहुंच गया।

FMCG और PSU बैंक को छोड़कर, सभी अहम सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। रियल्टी, आईटी और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिल रही है। निफ्टी स्मॉलकैप 100 और मिडकैप 100 में 0.2 फीसदी तक की बढ़त दर्ज की गई है।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के डॉ. वीके विजयकुमार का कहना है कि यूएस फेड द्वारा ब्याज दरों में 25 आधार अंकों की कटौती पर फिलहाल लगभग सहमति है, लेकिन सितंबर की कटौती के बाद ब्याज दरों में और कितनी कटौती की जाएगी, इस पर विशेषज्ञों की राय अलग-अलग है। अमेरिका में बढ़ती महंगाई ने चिंता बढ़ा दी है जो अगस्त में सालाना आधार पर 2.9 फीसदी पर आ गई है। टैरिफ के कारण स्थिति और खराब होने की उम्मीद है। अमेरिका में बढ़े टैरिफ का असर दिखाना शुरू हो गया है।

निफ्टी के बढ़त हासिल करने वाले शेयरों में इंफोसिस, आयशर मोटर्स, टाटा मोटर्स, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और मारुति सुजुकी इंडिया के शेयर शामिल हैं। इनमें 2 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली है। बाजार का रुख पॉजिटिव बना हुआ है। करीब 1,800 शेयरों में तेजी है, 1,066 में गिरावट है और 168 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

आईटी इंडेक्स में करीब 1 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। इंफोसिस में 2 प्रतिशत की बढ़त से इंडेक्स के बल मिला है। कंपनी ने 1,800 करोड़ रुपये के अपने अब तक के सबसे बड़े शेयर बायबैक को मंजूरी दे दी है, इससे आज इस शेयर में तेजी आई है। मेटल इंडेक्स में 0.78 फीसदी और रियल्टी में 0.4 फीसदी की बढ़त देखने को मिल रही है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें