Trading plan : US के साथ ट्रेड डील के बाद बाजार में तूफानी तेजी नजर आ रही है। इसके चलते निवेशकों की वेल्थ में करीब 13 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है। निफ्टी 700 प्वाइंट उछलकर 25800 के पार दिख रहा है। इंट्राडे में बैंक निफ्टी ने नया हाई बनाया है। मिडकैप और स्मॉलकैप में भी करीब 3 फीसदी तक उछाल देखने को मिला है। US टैरिफ से जुड़े शेयरों में 10-20 फीसदी तक की तेजी आई है।
भारत और अमेरिका के ट्रेड डील से रुपये को भी पंख लगे हैं। डॉलर के मुकाबले रुपया एक रुपये 10 पैसे सुधरकर 90 रुपये 40 पैसे तक पहुंचा है। वहीं तीन दिनों की गिरावट के बाद चांदी और सोने में अच्छी रिकवरी आई है। सोना 4 परसेंट तो चांदी 6 परसेंट से ज्यादा उछली है।
आज कैपिटल मार्केट, रियल्टी, केमिकल और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सबसे ज्यादा दौड़े हैं। ये चारो सेक्टर 4 से 5 परसेंट भागे हैं। साथ ही डिफेंस, फार्मा, IT और मेटल में भी जोरदार उछाल आया है। उधर अदानी ग्रुप के शेयरों में 12 परसेंट तक की रफ्तार देखने को मिली है।
बाजार की आज की चाल और आगे कि संभावनाओं पर बात करते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के अनुज सिंघल ने कहा कि आज भारतीय बाजारों के लिए बड़ी रैली वाला दिन है। अब बड़ा सवाल ये है कि क्या हम 26,000 के ऊपर बंद हो सकते हैं? आज वीकली एक्सपायरी भी है, भारी शॉर्ट कवरिंग हुई है। कॉल राइटर्स आज बुरे फंसे हैं। कॉल्स 5000 फीसदी भागी हैं। चौतरफा रैली में ट्रेड डील वाले शेयर ज्यादा चले हैं। रिन्यूएबल एनर्जी और अदानी ग्रुप शेयरों में बड़ी रैली देखने को मिली है।
ये डील बाजार का टर्निंग प्वाइंट हो सकता है। अब आज का निचला स्तर लक्ष्मण रेखा का काम करेगा। 24,700 पर एक मजबूत बॉटम बनने की उम्मीद है। शायद FIIs भी लौटें, लेकिन अभी कह नहीं सकते। अब बस नतीजों में सुधार की उम्मीद है। अगर नतीजों में सुधार भी हो तो इस साल बड़ी रैली हो सकती है। निफ्टी पर रणनीति की बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए 25,600-25,650 (आज का निचला स्तर) पर सपोर्ट और 25,800-26,000 पर रेजिस्टेंस है। वहीं, बैंक निफ्टी के लिए 59,800-60,000 पर सपोर्ट और 60,500-60,800 पर रेजिस्टेंस है।
डिस्क्लेमर:मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।