Maruti Suzuki Share Price: ऑटो सेक्टर के स्टॉक्स में भारी तेजी देखने को मिल रही है। कई ऑटो कंपनियां के स्टॉक्स अपने 52 वीक हाई पर भी कारोबार कर रहे हैं। इसमें Maruti Suzuki India Ltd भी शामिल है। Maruti Suzuki ने हाल ही में अपना 52 वीक हाई बनाया है। इसके साथ ही शेयर अपने ऑल टाइम हाई पर भी ट्रेड कर रहा है। हालांकि अब ब्रोकरेज हाउस ने मारुति पर अपना टारगेट प्राइज घटा दिया है। मारुति सुजुकी के शेयरों में आज गिरावट नजर आ रही है। दोपहर 1.24 पर मारुति के शेयर 0.32 फीसदी टूटकर 11,446 पर कारोबार कर रहे हैं।
पिछले एक-दो साल में ऑटो सेक्टर से जुड़ी कई कंपनियों की बिक्री में इजाफा हुआ है। इसमें मारुति भी शामिल रही है। वहीं मारुति ने अपने निवेशकों को भी बढ़िया रिटर्न दिया है। पिछले एक साल में मारुति का शेयर प्राइज बढ़ा है और लगातार ऊपर की ओर ही गया है। एक साल के अंदर ही शेयर ने अपने निवेशकों को 32 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है। मारुति का 52 वीक और ऑल टाइम हाई NSE पर 11613.05 रुपये रहा है और इसका 52 वीक लो प्राइज 8130 रुपये रहा है। वहीं 19 फरवरी को शेयर ने NSE पर 11512 रुपये के भाव पर क्लोजिंग दी है। इस बीच ब्रोकरेज हाउस ने मारुति के टारगेट प्राइज में कटौती की है।
वहीं हाल ही में मारुति की ओर से वित्त वर्ष 2023-24 के लिए अपने तिमाही नतीजे भी पेश किए गए थे। इसमें कंपनी की ओर से शानदार प्रॉफिट दर्ज किया गया था। मारुति सुजुकी इंडिया (MSIL) ने 31 दिसंबर को समाप्त तीसरी तिमाही के लिए 33512 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू दर्ज किया था। यह साल-दर-साल 14.56 प्रतिशत की ग्रोथ दिखाता है। पिछले वित्तीय वर्ष की समान तिमाह में यह 29,251 करोड़ रुपये था। इसके साथ ही वित्त वर्ष 2023-24 की तीसरी तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 33.25 फीसदी का इजाफा देखने को मिला था और यह बढ़कर 3206 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 2406 करोड़ रुपये था।
Maruti Suzuki का टारगेट प्राइज घटाया
रिपोर्ट्स के मुताबिक हुंडई जल्द ही अपना IPO ला सकती है। इसके लेकर Emkay Global Financial की रिसर्च रिपोर्ट में कहा गया है कि सुजुकी की भारत पर बड़ी निर्भरता और टोयोटा के समर्थन/गठबंधन के बीच, हुंडई की मजबूत वैश्विक स्थिति और प्रीमियम स्थिति के कारण मारुति हुंडई के समान मूल्यांकन पर व्यापार कर सकती है। संभावित छोटी कारों की रिकवरी और अक्टूबर-24 में मारुति की ई-एसयूवी लॉन्च (उद्योग का पहला ईवी लॉन्च) में अतिरिक्त जोखिम शामिल हैं। ऐसे में Emkay Global Financial ने मारुति पर अपना टारगेट प्राइज घटा दिया है और इसे 10,700 प्रति शेयर कर दिया है।
(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दी गई राय एक्सपर्ट की निजी राय होती है। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए जिम्मेदार नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।)