MUFG की HDFC Bank में हिस्सेदारी खरीदने की योजना हो सकती है रद्द, इन मतभेदों के चलते रुकी बातचीत

इस साल की शुरुआत में यह खबर आई थी कि जापान का सबसे बड़ा लेंडर MUFG लगभग 1.7 अरब डॉलर में 20 फीसदी हिस्सेदारी के लिए HDFC Bank के साथ बातचीत कर रहा था। मामले से परिचित लोगों ने बताया कि MUFG ने अपने प्रस्ताव को और बेहतर बनाने पर विचार किया है

अपडेटेड Jul 03, 2024 पर 10:57 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मित्सुबिशी यूएफजे फाइनेंशियल ग्रुप इंक (MUFG) की हिस्सेदारी खरीदने को लेकर एचडीएफसी बैंक के साथ चल रही बातचीत में बाधा आने की खबर है।

मित्सुबिशी यूएफजे फाइनेंशियल ग्रुप इंक (MUFG) की HDFC Bank में हिस्सेदारी खरीदने की योजना रद्द हो सकती है। MUFG की एचडीएफसी बैंक के साथ चल रही बातचीत में बाधा आने की खबर है। मामले से परिचित लोगों ने यह जानकारी दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक जापान के सबसे बड़े फाइनेंशियल ग्रुप की एचडीएफसी बैंक की कंज्यूमर लेंडिंग यूनिट में माइनॉरिटी स्टेक के लिए बातचीत, कंपनी में उसकी कितनी हिस्सेदारी होगी, इस पर मतभेदों के कारण रुकी हुई है। HDFC Bank के शेयरों में आज 2.18 फीसदी की तेजी आई है और यह स्टॉक BSE पर 1768.35 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।

विफल हो सकती है बातचीत

सूत्रों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि बातचीत में और देरी हो सकती है या यह विफल भी हो सकती है। एक सूत्र ने कहा कि एचडीएफसी वैकल्पिक रूप से कंज्यूमर लेंडिंग यूनिट के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) पर विचार कर सकता है।


उन्होंने बताया कि अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और अगर MUFG को HDBF की बिजनेस स्ट्रेटेजी में अहम भूमिका निभाने की पेशकश की जाती है, तो बातचीत फिर से पटरी पर आ सकती है। MUFG के प्रतिनिधि ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं, HDFC बैंक ने किए गए सवाल का तुरंत जवाब नहीं दिया।

MUFG की HDFC Bank में 20% हिस्सेदारी खरीदने की थी योजना

MUFG भारत में अपनी उपस्थिति बनाने की कोशिश कर रहा है, जहां HDBF पर्सनल, गोल्ड और ऑटो लोन जैसी सर्विसेज प्रदान करता है। ब्लूमबर्ग न्यूज ने इस साल की शुरुआत में बताया था कि जापान का सबसे बड़ा लेंडर MUFG लगभग 1.7 अरब डॉलर में 20 फीसदी हिस्सेदारी के लिए बातचीत कर रहा था। मामले से परिचित लोगों ने बताया कि MUFG ने अपने प्रस्ताव को और बेहतर बनाने पर विचार किया है।

घरेलू स्तर पर सुस्त ग्रोथ का सामना कर रहे MUFG और सुमितोमो मित्सुई फाइनेंशियल ग्रुप इंक जैसे जापानी लेंडर एशिया में डील की तलाश कर रहे हैं, ताकि रेवेन्यू में वृद्धि हो सके और साथ ही वे अपने इनवेस्टमेंट बैंकिंग ऑपरेशन का भी निर्माण कर सकें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।