गोदरेज कंज्यूमर, रेमंड के कंज्यूमर केयर बिजनेस का अधिग्रहण कर सकता है। डीलरों ने मनीकंट्रोल को बताया कि गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 27 अप्रैल को रेमंड के कंज्यूमर केयर बिजनेस के अधिग्रहण का एलान कर सकती है। हालांकि, यह अधिग्रहण कितनी धनराशि में हो रहा है इसका खुलासा नहीं हुआ है। बता दें कि कंज्यूमर केयर बिजनेस में रेमंड लिमिटेड की 47 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी है। इसमें पार्क एवेन्यू और कामसूत्र जैसे ब्रांड शामिल हैं। पिछले वित्त वर्ष में रेमंड के कंज्यूमर केयर बिजनेस की वार्षिक बिक्री 522 करोड़ रुपये थी।
मनीकंट्रोल दोनों कंपनियों को ईमेल के जरिए भेजे गए सवालों के जवाब का इंतजार कर रहा है। मनीकंट्रोल ने 24 अप्रैल के अपने एमसी इनसाइडर संस्करण में इस सौदे के बारे में बताया था।
रेमंड लिमिटेड के पास कंज्यूमर केयर बिजनेस का 47 फीसदी से अधिक हिस्सा
गौरतलब है कि रेमंड कंज्यूमर केयर, रेमंड लिमिटेड की एक सहयोगी कंपनी है। ये एक ब्रांडेड टेक्सटाइल और रियल एस्टेट कंपनी है। रेमंड लिमिटेड के पास कंज्यूमर केयर बिजनेस का 47 फीसदी से अधिक हिस्सा है, जिसमें पार्क एवेन्यू और कामसूत्र ब्रांड शामिल हैं।
अपनी वित्त वर्ष 2022 की वार्षिक रिपोर्ट में कंपनी ने बताया था कि केमिस्ट चैनल, मार्डन ट्रेड और ई-कॉमर्स के जरिए 650000 से ज्यदा खुदरा दुकानों में कंपनी के प्रोडक्ट मिलते हैं। रेमंड कंज्यूमर केयर की महाराष्ट्र के औरंगाबाद में प्रति वर्ष 40 करोड़ की क्षमता वाली एक कंडोम उत्पादन इकाई भी है।
इस अधिग्रहण से सेक्सुअल वेलनेस कारोबार में भी बनेगी गोदरेज कंज्यूमर की पैठ
दूसरी तरफ गोदरेज कंज्यूमर अपने प्रोडक्ट्स की पहुंच बढ़ाने, ब्रांड की पहचान मजबूत करने और सैंपलिंग के जरिए अपने कारोबार के विस्तार पर फोकस कर रही है। इसके हेयर कलर क्रीम और एयर फ्रेशनर के छोटे पैक की लोकप्रियता के चलते बाजार में इसकी हिस्सेदारी बढ़ी है। गोदरेज कंज्यूमर पहले से ही पर्सनल केयर उत्पाद के कारोबार मैं और इसके पास कई इस तरह के उत्पाद है। लेकिन अगर ये अधिग्रहण होता है तो कंपनी सेक्सुअल वेलनेस कारोबार में भी अपनी पैठ बना लेगी।
रेमंड के शेयरों में 1 महीने में 37 फीसदी की बढ़त
पिछले एक महीने में, रेमंड के शेयरों में 37 फीसदी की बढ़त हुई है और वर्तमान में यह 52-सप्ताह के उच्च स्तर के करीब कारोबार कर रहा है। गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर की कीमत अपने 52-सप्ताह के उच्च स्तर से सिर्फ 1.8 फीसदी दूर है।