Monsoon Stocks: कुछ हफ्तों तक धीमी शुरुआत से आगे बढ़ने के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून ने जबरदस्त वापसी की है। इसने न सिर्फ किसानों बल्कि दुकानदरों, कॉरपोरेट और स्टॉक मार्केट के चेहरे भी खिला दिए। मानसून सामान्य होने पर चौतरफा हरियाली छाती है लेकिन कुछ खास ऐसे सेक्टर्स भी हैं, जिनमें सीजनल अच्छा पैसा बनाने का मौका बन जाता है जैसे कि एग्रीकल्चर सेक्टर, एफएमसीजी सेक्टर, ऑटो सेक्टर इत्यादि। मानसूनी बारिश इसलिए अहम है क्योंकि इसी समय सालाना बारिश का 70% हिस्सा इसी समय होता है।
बता दें कि देश के कुछ हिस्सों में मौसमी बारिश की जो कमी थी, झमाझम बारिश ने उसकी काफी हद तक भरपाई कर दी। भारतीय मौसम विभाग यानी IMD को ताजा सैटेलाइट तस्वीरों में पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत में घने बादल दिखे हैं जो मानसून के सक्रिय होने का संकेत है। आईएमडी के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 4 जून से 5 जुलाई के बीच भारत में बारिश की कमी तेजी से घटकर 28% रह गई है, जबकि सिर्फ एक हफ्ते पहले यह कमी लगभग 45% थी।
Monsoon Stocks: इन स्टॉक्स से पैसों की झमाझम बारिश की उम्मीद
जब बारिश अच्छी होती है तो खेती पर जोर बढ़ता है जिससे खाद और बीज कंपनियों के चेहरे खिल उठते हैं। इसका असर इनके शेयरों पर भी दिखता है। अच्छी बारिश के चलते पारादीप फॉस्फेट (Paradeep Phosphate), कोरोमंडल इंटरनेशनल (Coromandel International), यूपीएल (UPL) और रैलिस इंडिया (Rallis India) जैसी खाद और एग्रो केमिकल्स कंपनी तो कावेरी सीड (Kaveri Seed) जैसी बीज कंपनी पर पॉजिटिव असर दिख सकता है।
अच्छी बारिश से गांवों में कमाई बढ़ती है तो ऑटो सेक्टर की कंपनियों को बिक्री में उछाल की उम्मीद बढ़ जाती है। इसका फायदा दोपहिया, ट्रैक्टर और एंट्री-लेवल की कार कंपनियों को मिलता है। ऐसे में इस सेक्टर से हीरो मोटोकॉर्प (Hero Motocorp), बजाज ऑटो (Bajaj Auto), मारुति (Maruti), एस्कॉर्ट्स कुबोटा (Escorts Kubota) और आयशर मोटर्स (Eicher Motors) जैसे स्टॉक्स पर नजर रख सकते हैं।
बारिश अच्छी होने पर गांवों में खपत भी बढ़ती है और घर की चीजों की बिक्री बढ़ जाती है। ऐसे में एफएमसीजी सेक्टर से हिंदुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड (HUL), मैरिको (Marico) और डाबर इंडिया (Dabur India) जैसे स्टॉक्स पर फोकस कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।