Market outlook: 12 मई को खत्म हुए हफ्ते में बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला लेकिन कारोबारी हफ्ते के अंत में बाजार 1 फीसदी की तेजी लेकर बंद होने में कामयाब रहा। बाजार को उम्मीद के मुताबिक रहे नतीजों और एफआईआई की खरीदारी से अच्छा सपोर्ट मिला। इसके चलते ये निगेटिव ग्लोबल संकेतों का बावजूद बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहा। बीते हफ्ते बीएसई सेंसेक्स 973.61 अंक या 1.59 फीसदी बढ़कर 62027.9 पर और निफ्टी 50 245.8 अंक यानी 1.36 फीसदी बढ़कर 18,314.8 पर बंद हुआ। इस हफ्ते बीएसई लार्जकैप और मिडकैप इंडेक्स में 1.3 फीसदी की छलांग देखने को मिली जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 1 फीसदी की बढ़त लेकर बंद हुआ।
निफ्टी ऑटो इंडेक्स में 4.2 फीसदी की तेजी
सेक्टोरल इंडेक्सों पर नजर डालें तो साप्ताहिक आधार पर निफ्टी ऑटो इंडेक्स में 4.2 फीसदी, बैंक इंडेक्स में 2.6 फीसदी और रियल्टी इंडेक्स में 1.7 फीसदी की बढ़त हुई, जबकि निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स में 4 फीसदी की गिरावट आई।
50 से ज्यादा शेयरों ने दिया डबल डिजिट रिटर्न
बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स में जय बालाजी इंडस्ट्रीज, ब्राइटकॉम ग्रुप, ऑनवर्ड टेक्नोलॉजीज, मनोरमा इंडस्ट्रीज, न्यूलैंड लैबोरेट्रीज, स्टाइलम इंडस्ट्रीज, कैपेसाइट इंफ्राप्रोजेक्ट्स, सस्ता सुंदर वेंचर्स और किर्लोस्कर ब्रदर्स में 20-34 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। वहीं, दूसरी तरफ टीसीएनएस क्लोथिंग कंपनी, इंडियाबुल्स रियल एस्टेट, रेल विकास निगम, फ्यूचर कंज्यूमर, गुजरात अंबुजा एक्सपोर्ट्स, इंडियन बैंक, स्टर्लिंग टूल्स, डी-लिंक इंडिया, फेज थ्री, तत्व चिंतन फार्मा केम और सैटिन क्रेडिटकेयर नेटवर्क में 10-23 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
विदेशी संस्थागत निवेशकों ने की जोरदार खरीदारी
बीते हफ्ते विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 7750.35 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1261.98 करोड़ रुपये के इक्विटी बेची। इस महीने में अब तक एफआईआई ने 13278.11 करोड़ रुपये के इक्विटी खरीदी और डीआईआई ने 3997.23 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची है।
अगले हफ्ते कैसी रहेगी बाजार की चाल
सैमको सिक्योरिटीज के रोहन पाटिल की राय
सैमको सिक्योरिटीज के तकनीकी विश्लेषक रोहन पाटिल का कहना है कि बीते हफ्ते में बाजार छोटे दायरे में रहा। बाजार में मिलेजुले संकेतों के बावजूद खरीदारी जारी रही। निफ्टी ने हफ्ते की शुरुआत एक बुलिश कैंडल के साथ की और हप्ते के अधिकांश हिस्से में हल्की गति से ऊपर की ओर बढ़ता दिखा। अंत में निफ्टी 1.40 फीसदी यानी 166 अंक बढ़कर 18256 के स्तर पर बंद हुआ। उन्होंने आगे कहा कि कुल मिलाकर यह एक उम्मीदों से भरा महीना है। इस महीने में 17600 के निचले स्तर से अच्छी रैली आई। निफ्टी ने अपने पिछले पिछले प्रतिरोध स्तर से मजबूत ब्रेकआउट दिया है और महज तीन हफ्तों में इसमें करीब 4 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।
रोहन पाटिल का कहना है कि निफ्टी ने 18100 के स्तर पर स्थित इंटरमीडिएट रजिस्टेंस को पार कर लिया है। इसके साथ ही इसने डेली चार्ट पर एक हॉरीजेंटल ट्रेंडलाइन ब्रेकआउट दिया है। बाजार पर बुल्स की पकड़ हावी है। निफ्टी हमें और तेजी पकड़ता नजर आ सकता है। आने वाले हफ्ते में इसमें 18500-18600 का स्तर देखने को मिल सकता है। वहीं दूसरी तरफ निफ्टी के लिए 18,000 पर तत्काल सपोर्ट दिख रहा है। अगर यह सपोर्ट टूट जाता है तो फिर निफ्टी में 17850 का निचला स्तर देखने को मिल सकता है।
मोतीलाल ओसवाल के सिद्धार्थ खेमका की राय
मोतीलाल ओसवाल के सिद्धार्थ खेमका का कहना है कि सोमवार को बाजार सबसे पहले महंगाई के आंकड़ों और कर्नाटक चुनाव के नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया देगा। पिछले 4 दिनों से बाजार में कंसोलिडेशन देखने को मिल रहा है। अब इसको अगली तेजी के लिए किसी ताजे ट्रिगर की जरूर है। बाजार का स्ट्रक्चर पॉजिटिव बना हुआ है। निवेशकों की नजर अगले हफ्ते आने वाले आर्थिक आंकड़ों पर भी बनी रहेगी।
कोटक सिक्योरिटीज के अमोल अठावले की राय
कोटक सिक्योरिटीज के अमोल अठावले का कहना है कि वीकली चार्ट्स पर इंडेक्स ने एक लॉन्ग बुलिश कैंडल बनाया है जो अपट्रेंड के जारी रहने का संकेत देता है। अब जब तक निफ्टी 10-डे एसएमए या 18200 से ऊपर कारोबार कर रहा है, तब तक इसमें तेजी की संभावना बनी रहेगी। 18200 से ऊपर बढ़ने पर इंडेक्स के 18450-18550 तक जाने की संभावना है। दूसरी तरफ, अगर इंडेक्स 18200 से नीचे फिसलता है तो फिर ये कमजोरी 18000 तक बढ़ सकती है।
अमोल अठावले ने आगे कहा कि बैंक निफ्टी के लिए 43500 सबसे अहम स्तर होगा। इसके ऊपर जाने पर यह 44000-44300 तक चढ़ सकता है। दूसरी ओर, अगर यह 43500 के नीचे ट्रेड करता है तो शॉर्ट टर्म करेक्शन संभव है। जिसके चलते निफ्टी 43000-42800 तक फिसल सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।