दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया ने बिहार स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक रिटेल चेन चलाने वाली कंपनी आदित्य विजन (Aditya Vision) में खुले बाजार में हुए सौदे के जरिए 09 दिसंबर को 0.83 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। इस खबर के बाद शुक्रवार यह स्टॉक करीब 5 फीसदी की तेजी के साथ 1655.5 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। इस महीने अब तक यह शेयर करीब 22 फीसदी भाग चुका है। कंपनी की वर्तमान मार्केट कैप करीब 2000 करोड़ रुपये है।
आशीष रमेशचंद्र कचोलिया ने Aditya Vision के 1 लाख शेयर खरीदे
ब्लॉक डील आंकड़ो के मुताबिक आशीष रमेशचंद्र कचोलिया ने Aditya Vision के 1 लाख शेयर 1465.90 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदे हैं। इस खरीद पर आशीष कचोलिया ने 14.65 करोड़ रुपये खर्च किया है। इसके अलावा शुक्रवार 09 दिसंबर 2022 को Himalaya Finance & Investment Company भी Aditya Vision में 1466 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 1 लाख शेयरों की खरीदारी की है।
प्रमोटर सुनीता सिन्हा ने 2.1 लाख शेयर बेचे
वहीं कंपनी की प्रमोटर सुनीता सिन्हा ने 1465.95 रुपये के औसत भाव पर कंपनी के 2.1 लाख शेयरों की बिक्री की है। बता दें कि इस बिक्री के बाद सितंबर 2022 तक कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदा 69.88 फीसदी थी। कल की बिक्री के बाद इसमें प्रमोटर हिस्सेदारी में कुछ कमी आएगी।
बता दें कि शुक्रवार को बीएसई पर यह स्टॉक 77.10 रुपये यानी 4.88 फीसदी की बढ़त के साथ 1655.50 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। स्टॉक का डे हाई 1719.55 रुपये का था जबकि डे लो 1428.25 रुपये का था। स्टॉक का 52 वीक हाई 1746.00 रुपये का है जबकि 52 वीक लो 598.55 रुपये का है। वर्तमान में स्टॉक का वॉल्यूम 429628 शेयरों का है। कंपनी का मार्केट कैप 1991 करोड़ रुपये है।
शेयर की चाल पर नजर डालें तो 1 हफ्ते में इस स्टॉक में 17.87 फीसदी की गिरावट आई है जबकि 1 महीने में 21.00 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। वहीं 3 महीने में इस स्टॉक में 15.22 फीसदी की बढ़त देखने को मिली जबकि 1 साल में यह स्टॉक 118.46 फीसदी चढ़ा है । वहीं इस साल अब तक 165.60 फीसदी भागा है। वहीं 3 साल में इस स्टॉक ने 8389.74 फीसदी का दमदार रिटर्न दिया है।